लातेहार : झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के आह्वान पर 17 अक्तूबर से जारी हड़ताल 26 अक्तूबर को समाप्त हो गयी है. यह जानकारी संघ के राज्य उपाध्यक्ष सह लातेहार जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सुखदेव उरांव एवं महामंत्री संदीप कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से दी.
उन्होंने बताया कि नगर विकास मंत्रालय द्वारा प्रदेश संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद यह हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने बताया कि नगर पंचायत कर्मियों के लंबित मानदेय का एक मुश्त भुगतान करने, अनुकंपा से संबंधित मामलों का निष्पादन करने, सातवें वेतन आयोग के वेतन विसंगतियों को दूर करने एवं स्थापना मद, वेतन भत्ता, पेंशन एवं ग्रेच्युटी आदि का व्यय सरकारी कोष से करने की मांग पर सरकार ने विचार करते हुए समझौता किया है. दिसंबर तक निर्णयों का अनुपालन कराने का आश्वासन सरकार द्वारा दिया गया है.
