अकीदतमंदों ने हसन व हुसैन को याद किया
मुहर्रम को लेकर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में किये गये थे सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
लातेहार : जिला मुख्यालय समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में हजरत इमाम हसन व हुसैन की शहादत का पर्व मुहर्रम पारंपरिक तरीके से मनाया गया. इस मौके पर मुसलिम धर्मावलंबियों ने ताजिया निकाली गयी और मातम मनाया. शहर के बाजार स्कूल के पास स्थित अखाड़े की ताजिया शहर के मुख्य पथ से होते हुए थाना चौक पहुंची.
इस दौरान अकीदतमंदों ने कई प्रकार के करतब दिखाये. जिला मुख्यालय से सटे करकट, अमवाटीकर, डुरूआ, पोचरा, इचाक, केड़ू आदि ग्रामीण क्षेत्रों का ताजिया का मिलान शहर के थाना चौक में हुआ. इसके बाद सभी ताजिया अंबाकोठी स्थित जामा मसजिद पहुंची. यहां कला कौशल का प्रदर्शन एवं पुरस्कारों का वितरण किया गया. मुहर्रम को लेकर न सिर्फ शहरी वरन ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे. शहर के हर चौक चौराहों में पुलिस बल के जवान तैनात थे.
शहर के मुख्य पथ पर वाहनों के आवाजाही पर पाबंदी थी. रांची से मेदिनीनगर जाने वाली बसों को बाइपास चौक से होते हुए गांधी कॉलेज एवं माको होते हुए करकट निकाली जा रही थी. पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे, एसडीपीओ पंकज कुमार, डीएसपी एम रहमान, पुलिस निरीक्षक कपिल देव सिंह व थानेदार रमेश कुमार सिंह सदल बल के साथ गश्ती करते रहे. जिला के वरीय अधिकारियों ने जिला कंट्रोल रूम से स्थिति का जायजा लिया.
