बेतला : बेतला व पोखरी में मुहर्रम प्रेम व भाईचारगी के बीच मनाया गया. ताजिये का मिलान चौपाल पर किया गया, जहां लाठी सहित अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ खेल का प्रदर्शन किया गया.
पोखरी के चौपाल पर मुहर्रम इंतजामिया कमेटी द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्षों, ताजियादारों, प्रशासन व पुलिस के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह उपस्थित थे. उन्होंने कहा कि बेतला, पोखरी सहित पूरा बरवाडीह क्षेत्र आपसी प्रेम व भाईचारे की मिसाल रहा है.
मुहर्रम व दशहरा दोनों पर्व एक साथ मनाया गया. दोनों पर्व हमें यह सीख देता है कि असत्य पर सत्य की जीत होती है. इसलिए लोगों को हमेशा सच्चाई की राह पर चलना चाहिए. डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने कहा कि कोई भी पर्व हमें यह सीख देता है कि हमें आपसी भेदभाव को भुलाकर प्रेम व भाईचारे के बीच रहना चाहिए. कार्यक्रम का संचालन नशीम अंसारी ने किया. मौके पर सीओ राकेश सहाय, इंस्पेक्टर एके सिंह, थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, हाजी मुमताज अली, मंसूर अंसारी, मनान अंसारी, अरसुल कादरी, मुखिया संजय सिंह सहित कई लोग मौजूद थे.
