दशहरा. विभिन्न प्रखंडों में हर्षोल्लास के साथ नवरात्रि संपन्न, प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन
चंदवा स्थित मां उग्रतारा मंदिर में हुआ अनुष्ठान
चंदवा : नवरात्र का त्योहार शांति पूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. मंगलवार की दोपहर बाद गाजे-बाजे के साथ शोभा यात्रा निकाली गयी. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने मां की आरती उतारी. नगर भ्रमण के बाद केश्वर बांध में मां की प्रतिमा विसर्जित कर दी गयी. इस दौरान मां दुर्गे के जयघोष से वातावरण गूंज उठा. इस मौके पर लोगों की आंखों में नम थीं. प्रखंड के मां उग्रतारा मंदिर नगर में भी मां अष्टादश भुजी व मां अंबे की पूजन हुई. मां की गद्दी पर चढ़ाया गया पान गिरने के बाद महिष बलि व बकरे की बली दी गयी. आरती के पश्चात नव पत्रिका विसर्जित की गयी.
प्रखंड के टोरी रेलवे स्टेशन, हरैया-कामता, बुध बाजार शिव मंदिर, श्री दुबे जी का गोला, थाना टोली, मां वन शक्ति मंदिर, कइलाखांड़, ब्रह्मणी, बारी, रामपुर, सेरक, सुरली-डडैया, एरूद कीता, लुकुइयां, बोदा, हुटाप, रूद-बरवाटोली, बरवाटोली व महुआमिलान रेलवे स्टेशन परिसर में मां दुर्गे की पूजा धूमधाम से की गयी. होलंग बाजार टांड़ में भी श्रद्धा पूर्वक मां अंबे की पूजा की गयी. मंगलवार को कलश प्रवाहित कर मां की मंगल कामना की. नवमी तिथि को क्षेत्रीय सांसद सुनील सिंह ने भी शहर के सभी पूजा पंडाल का निरीक्षण किया.
जतरा व जागरण में झूमे श्रद्धालु
दशहरा के मौके प्रखंड समेत आस-पास के ग्रामीण इलाकों में पारंपरिक जतरा व जागरण-आर्केस्ट्रा नाइट का आयोजन किया गया. हरैया-कामता के अलावा कइलाखांड़ वन शक्ति मंदिर, सेरक, एरूद कीता, रूद व महुआमिलान व होलंग (बालूमाथ) में जतरा का आयोजन किया गया. हरैया-कामता में आयोजित जतरा में विजयी खोड़हा मंडलियों को डीएसपी व एसडीओ ने पुरस्कृत किया.
