पंचायत समिति की बैठक
बरवाडीह : प्रखंड के विकास एवं कौशल भवन में पंचायत चुनाव के निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों की पहली बैठक हुई. बैठक में पेयजल समस्या के निदान पर विशेष जोर दिया गया. बीडीओ संजय कुमार ने प्रभारी कनीय अभियंता को पेयजल संबंधी समस्या को दूर करने का निर्देश दिया.
इससे पहले कार्यक्रम का उदघाटन प्रमुख सुशीला देवी, उप प्रमुख पंकज गुप्ता, बीडीओ संजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया. पंचायत समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग के अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया.
बैठक में केचकी पंचायत के सदस्य जीबोध सिंह ने केचकी पंचायत में बंद पड़ी पेयजलापूर्ति योजना को अविलंब चालू करने की मांग की. बैठक में पंचायत के सदस्यों ने खराब पड़े चापानल के मरम्मत की मांग की. बैठक में प्रखंड के सभी विद्यालयों में निम्न स्तरीय पोशाक आपूर्ति का मामला भी उठाया गया.
बैठक में बीसीओ अनुज शरण, जेएसएस अजय पांडेय, पशुपालन पदाधिकारी डॉ रामा शंकर प्रसाद, जीपीएस नंद केश्वर राम, प्रभारी कृषि पदाधिकारी चंदन कुमार, सदस्य सुनीता पाल, मीना देवी, सुनिता देवी, सुभाष राम आदि उपस्थित थे.
