डीसी और एसपी ने किया लातेहार मंडल कारा का औचक निरीक्षण
हर 15 दिनों में जेल का निरीक्षण किया जायेगा
लातेहार : उपायुक्त रविशंकर शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे ने संयुक्त रूप से लातेहार मंडल कारा का निरीक्षण किया. मौके पर प्रशिक्षु आइएएस मोहम्मद फैज व अनुमंडल पदाधिकारी कमलेश्वर पांडेय उपस्थित थे. इस औचक निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों को एक मोबाइल, एक बैटरी, एक मोबाइल कवर, एक सिम कार्ड, ब्लेड, धारदार चाकू व नक्सली साहित्य बरामद हुआ है.
पुलिस अधीक्षक श्री बिरथरे ने बताया कि अधिकारियों की उपस्थिति में कारा के अंदर हर एक बैरक की गहन जांच करायी गयी. जेल के अंदर आपत्तिजनक सामग्रियों का बरामद किया जाना चिंता का विषय है. इस बात की भी जांच करायी जा रही है कि ये सब सामान मंडल कारा में कहां से और किसने पहुंचाये. उन्होंने कहा कि हर 15 दिन में जेल का निरीक्षण किया जायेगा, ताकि कोई घटना नहीं हो पाये. जेल के अंदर कोई घटना नहीं हो इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.
उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने प्रभात खबर से कहा कि मंडल कारा में आपत्तिजनक सामग्री कहां से और किसके द्वारा पहुंचायी गयी, इसकी जांच करायी जायेगी.
