बरवाडीह : माओवादी बंदी का प्रखंड मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में असर दिखा. बंदी के दौरान बरवाडीह मेदिनीनगर मुख्य पथ पर बड़े वाहनों का परिचालन पूर्ण रूप से बाधित रहा. प्रखंड की अधिकांश दुकानें बंद रहीं. प्रखंड के वनांचल ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इलाहाबाद बैंक समेत सभी बैंक बंद रहे. प्रखंड में लगातार तीसरे दिन बैंक बंद रहने से ग्राहक काफी परेशान रहे . प्रखंड सह अंचल कार्यालय समेत अधिकांश कार्यालय खुले रहे लेकिन बंदी से कामकाज प्रभावित रहा.
गारू(लातेहार) : गारू नक्सल प्रभावित क्षेत्र में माअोवादियों के बंद का असर यातायात पर पड़ा. बंद के दौरान प्रखंड मुख्यालय की दुकानें खुली रहीं. गारू-महुआडांड़, गारू-मेदिनीनगर, गारू-लातेहार भाया सरयू एवं गारू-गुमलामार्ग पर वाहनों का परिचालन ठप रहा. बैंकों में आम दिनों की तरह कामकाज हुए. सरकारी स्कूलों, कार्यालयों में बंद का असर पड़ा.
महुआडांड़ (लातेहार) : महुआडांड़ में बंद का व्यापक असर देखा गया. दुकान, प्रतिष्ठान, बैंक आदि बंद रहे. वहीं बसों का भी परिचालन पूर्णत: ठप रहा. वाहन नहीं चलने के कारण बस स्टैंड समेत बाजार में सन्नाटा पसरा रहा. प्रखंड व अंचल कार्यालय खुले रहे, लेकिन वहां भी सन्नाटा रहा.
