शनिवार की सुबह 7.30 बजे आम आदमी तरह अस्पताल पहुंचे उपायुक्त
चंदवा : जिले के उपायुक्त राजीव कुमार शनिवार की सुबह अचानक आम आदमी की तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा पहुंचे. ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से इलाज के संबंध में पूछताछ करने लगे. कुछ देर तक तो कर्मी कुछ समझ ही नहीं पाये. जब उन्हें पता चला कि उपायुक्त सामने खड़े हैं, तो कई कर्मियों के हाथ-पांव फूलने लगे. तब जाकर चिकित्सक डॉ निर्मला शांति लकड़ा ने मोर्चा संभाला. उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन समेत कई जानकारी मांगी. तब तक प्रभारी डॉ नंद कुमार पांडेय व डॉ नीलिमा भी पहुंच चुकी थी.
इस दौरान डीसी थोड़े नाराज दिखे. कुपोषण उपचार केंद्र, ओटी, जेनरल वार्ड, लेबर रूम, क्वार्टर समेत अन्य स्थानों का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि एनएच 75 व 99 में यह महत्वपूर्ण अस्पताल है. इसकी देखरेख व सुरक्षा सही ढंग से होनी चाहिए. प्रभारी श्री पांडेय को इसे प्राइवेट हॉस्पिटल की तरह सुविधा संपन्न बनाने के लिये हर संभव प्रयत्न करने की बात कही.
आनेवाले हर लोगों से मृदु भाषी व सरल व्यवहार करें : निरीक्षण के दौरान ओटी में खराब चीजें नहीं रखने, एसी व टाइल्स लगाकर सुविधा संपन्न बनाने का निर्देश दिया. यत्र-तत्र पड़े लोहे की ऐसी चीजें जो बेकार हो गयी है, उसे स्क्रैप समिति का गठन कर बेचने की बात कही. टॉयलेट की सफाई पर अधिकारी असंतुष्ट दिखे. अगली बार कार्रवाई की बात कही. जनरल वार्ड की खिड़की में तीन चैनल नहीं देख ऐसे ठेकेदार से काम नहीं कराने की बात कही. मच्छर से बचाव के लिये खिड़की पर नेट लगाने की बात कही.
अस्पताल में पड़े अल्ट्रासाउंड मशीन चालू नहीं होने पर कहा कि चंदवा से टेक्नेशियन मंगाकर व यहां के रेग्यूलर चिकित्सक की मदद लेकर इसे तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया. इसका लाभ गर्भवती महिलाओं को मिलेगा. उन्होंने कहा कि एसएचजी के माध्यम से अस्पताल परिसर में दाल भात केंद्र की शुरुआत की जायेगी. इसमें मरीज, परिजन व बाहर के लोग भी कम खर्च में बढ़िया खाना खा सकेंगे. प्राइवेट व सरकारी अस्पताल में एक माह के भीतर आने वाले मरीजों का आंकड़ा तैयार करने की बात कही.
अस्पताल के सुंदरीकरण के लिये तत्काल रंगाई-पुताई का निर्देश दिया. सामने भी सफाई करवाने की बात कही. जाते-जाते उपायुक्त अस्पताल कर्मियों को मरीजों व अन्य लोगों के साथ मृदु भाषी व शालीनता पूर्वक व्यवहार करने की पाठ पढ़ा गये. चार चिकित्सक होने की बात पर डीसी काफी खुश दिखे. मौके पर सभी चिकित्सक समेत प्रवीण कुमार, मो हसीब के अलावे एएनएम मौजूद थी.
