झुमरीतिलैया. थाना क्षेत्र के महतो आहर के समीप शनिवार को एक ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान 45 वर्षीय अनिल यादव (पिता बद्री यादव, निवासी गुमो) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि ट्रेलर बरही से कोडरमा की ओर जा रहा था. इसी दौरान बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया. गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है.
सतगावां का युवक लापता
सतगावां. थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरियारडीह से एक युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला प्रकाश में आया है. लापता युवक की पहचान बरियारडीह निवासी 26 वर्षीय नीतीश कुमार के रूप में की गयी है. बताया गया कि नीतीश कुमार शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे किसी काम से बासोडीह बाजार गया था. वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तब परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन अब तक नीतीश का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. थक हारकर परिजनों ने इस संबंध में थाना में आवेदन देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी है.
