महुआ चुनने गयी महिला को हाथी ने मार डाला

हरलाडीह (जामू पंचायत) में रविवार सुबह हुई घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया.

मरकच्चो. हरलाडीह (जामू पंचायत) में रविवार सुबह हुई घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया. गांव की महिलाएं महुआ चुनने जंगल गयी थीं, तभी हाथियों के झुंड से भटका एक हाथी वहां पहुंचा और 55 वर्षीय सीता देवी (पति स्व. रामचंद्र साव) पर हमला कर दिया. हाथी ने उन्हें कुचल कर मार डाला, जबकि अन्य महिलाएं किसी तरह भागकर अपनी जान बचा सकीं. घटना के बाद हाथी पुनः जंगल की ओर लौट गया. खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. बीडीओ हुलास महतो, रेंजर रवींद्र कुमार, फॉरेस्टर सुनील कुमार दास, वनरक्षी अभिमन्यु कुमार और एसआई विशाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि हाथियों से बचाव के लिए ट्रेंच कटाने व लाइट लगाने जैसी मांगें बार-बार की जाती रही हैं, लेकिन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के उत्पात से खेती चौपट हो चुकी है और अब लोगों की जान पर भी खतरा मंडरा रहा है. वन विभाग ने पीड़ित परिवार को अंतिम संस्कार हेतु 25 हजार रुपये नकद दिये और आश्वासन दिया कि प्रक्रिया पूरी होने पर शेष मुआवजा दिया जायेगा. उल्लेखनीय है कि इससे पहले शनिवार रात हाथी ने नादकरी गांव में भी उत्पात मचाया था, जहां कई घरों की चहारदीवारी तोड़ दी गई थी. ग्रामीणों ने मशाल जलाकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा. पिछले चार दिनों में जिले में हाथियों ने तीन लोगों की जान ले ली है. तीन दिन पूर्व कोडरमा के मरियमपुर और बोनाकाली में भी हाथियों ने दो लोगों को कुचल कर मार डाला था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >