कोडरमा. कोडरमा से पहाड़पुर जा रही राजगीर-दानापुर एक्सप्रेस में बुधवार को एक महिला ने प्रसव पीड़ा के बीच स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया. महिला की स्थिति की जानकारी मिलते ही आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था करायी और जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया.
प्रसव पीड़ा के बीच ट्रेन में हुआ प्रसव
जानकारी के अनुसार, बुधवार को गाड़ी संख्या 13233 अप कोडरमा-दानापुर राजगीर एक्सप्रेस के साधारण कोच संख्या ईसी-257532 में आरपीएफ के उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार और आरक्षी दीपक कुमार ने एक महिला को प्रसव पीड़ा से कराहते देखा. महिला के साथ उसकी ननद और दो छोटे बच्चे भी थे. कुछ देर बाद महिला ने ट्रेन में ही स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया.
आरपीएफ ने करायी एंबुलेंस की व्यवस्था
मामले की जानकारी मिलते ही आरपीएफ ने स्थानीय सामुदायिक अस्पताल, फतेहपुर से एंबुलेंस की व्यवस्था करायी. साथ ही पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर कैंपिंग ड्यूटी में तैनात आरपीएफ कर्मियों को इसकी सूचना दी गयी. ट्रेन के 15.56 बजे पहाड़पुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंचने के बाद आरक्षी रणधीर कुमार, आरक्षी धनशेखर कुमार और पोर्टर चंदन कुमार ने स्ट्रेचर की मदद से महिला और नवजात बच्ची को ट्रेन से उतारा.
इसके बाद दोनों को स्टेशन पोर्टिको में खड़ी एंबुलेंस से सामुदायिक अस्पताल फतेहपुर भेजा गया.
दोनों स्वस्थ
पूछताछ में महिला की पहचान काजल कुमारी (27), पति चंदन कुमार चौधरी, निवासी धरहरा, थाना मोहनपुर, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई. वह अपनी ननद चंदा कुमारी और दो छोटे बच्चों के साथ कोडरमा से पहाड़पुर स्टेशन जा रही थी. आरपीएफ के अनुसार, जच्चा और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं.