जयनगर (कोडरमा): थाना क्षेत्र के रूपायडीह के आसपास सतगरवा की ओर जंगली हाथियों के आने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. हाथियों की मौजूदगी की आशंका के कारण लोग रातभर जागकर पहरा देने को विवश हैं.
इस संबंध में जिला परिषद सदस्य केदारनाथ यादव ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलें और किसी भी स्थिति में हाथियों के पास जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें.
उन्होंने कहा कि यदि हाथियों की गतिविधि से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तत्काल आसपास के लोगों और संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाया जा सके. हाथियों की धमक को देखते हुए क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है.
