झुमरीतिलैया : थाना पुलिस ने शहर के वार्ड नंबर एक स्थित विशुनपुर रोड के शिव नगर से एक मकान में फर्जी नंबर प्लेट लगी दो कार बरामद की है. यही नहीं पुलिस ने मौके पर से चार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद किया है. हालांकि, इस मामले में किसी को पकड़ा नहीं जा सका है.
पुलिस को आशंका है कि अवैध शराब की तस्करी में इन कारों का उपयोग किया जाता होगा. पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है. जानकारी के अनुसार तिलैया थाना के एक हवलदार विशुनपुर इलाके में किसी कार्य से गए थे. इसी दौरान सत्येंद्र यादव नामक व्यक्ति के मकान में कुछ गतिविधि संदिग्ध लगी है. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी.
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पर घर के अंदर कोई नहीं मिला. पुलिस ने जांच की तो दो लग्जरी कारों में नंबर प्लेट तो लगा था, लेकिन जांच में यह नंबर फर्जी निकला. मौके पर चार और नंबर प्लेट बरामद होने से पुलिस का शक और गहराया.
पुलिस ने कार में लगी नंबर प्लेट के संबंध में जांच शुरू की तो पता चला कि इसी नंबर की एक कार आरा बक्सर बिहार में तो दूसरा चितरंजन में उनके मालिकों के पास है. ऐसे में स्पष्ट हो गया कि पुलिस ने जो दो कार बरामद की है उसमें फर्जी नंबर प्लेट लगी है. पुलिस को आशंका है कि इन वाहनों का उपयोग अवैध कारोबार में किया जाता होगा.
मकान मालिक ने किराये पर दिया था मकान
इधर, जानकारी सामने आई है कि जिस मकान से पुलिस ने कार बरामद की है वह किराये पर किसी दूसरे व्यक्ति को दी गई थी. मकान मालिक सत्येंद्र यादव स्वयं मुंबई में रहता है, जबकि उसने गुरपा निवासी संतोष यादव को मकान किराये पर दिया था.स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दो माह पूर्व मकान को किराये पर दिया गया था.
