चंदवारा. पिपराडीह रेलवे स्टेशन रैक प्वाइंट के पास बुधवार सुबह हुई दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. मदनगुंडी निवासी 50 वर्षीय देवकी देवी सड़क किनारे जा रही थीं, तभी एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया. हादसे में उनका दाहिना पैर बुरी तरह जख्मी हो गया. स्थानीय लोगों की तत्परता से उन्हें तुरंत कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रिम्स रांची रेफर कर दिया. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों ने रैक प्वाइंट से निकलने वाले वाहनों को रोक दिया, जिससे चंदवारा-पिपराडीह स्टेशन रोड पर ट्रकों की लंबी कतार लग गयी. देर शाम तक जाम जारी रहा. ग्रामीणों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाये और लापरवाह ट्रक चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाये.
देवकी देवी के पुत्र आशुतोष कुमार ने थाना में आवेदन देकर वाहन संख्या एनएल-01एल-2935 के चालक पर आरोप लगाया कि उसने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी मां को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया. आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि मदनगुंडी पेट्रोल पंप के सामने उनका घर है और सुबह लगभग छह बजे उनकी मां शौच के लिए जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ.
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग से गुजरने वाले ट्रक अक्सर तेज और अनियंत्रित गति से चलते हैं. कई वाहनों के पास फिटनेस, बीमा और प्रदूषण संबंधी जरूरी कागजात तक नहीं होते, जिसके कारण दुर्घटना पीड़ितों को बीमा का लाभ भी नहीं मिल पाता. कई बार जिला प्रशासन को लिखित शिकायत दी गयी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.