कोडरमा : सतगावां थाना क्षेत्र के महथा खैरा गांव में मंगलवार को घर के बाहर खड़े 11 वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान रणधीर कुमार के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है.
घर के बाहर खड़ा था, इसी दौरान हमला किया
परिजनों के अनुसार, आदित्य घर के बाहर खड़ा था. इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक उस पर झपट पड़ा और उसे काटकर घायल कर दिया. बच्चे की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से भगाया और बच्चे को उसके चंगुल से बचाया. इसके बाद परिजन आनन-फानन में घायल आदित्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सतगावां लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका प्राथमिक उपचार किया गया.
घटना के बाद लोगों में बढ़ी चिंता
घटना के बाद गांव में आवारा कुत्तों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गयी है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
ये भी पढ़ें: गोला में अलग-अलग तीन सड़क हादसों में एक युवक की मौत, पांच घायल
