झुमरीतिलैया कोडरमा: धनबाद-गया रेलखंड के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत टीनवाटांड़ के समीप शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक से 22 वर्षीय युवती का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के महनार निवासी नेहा कुमारी (22 वर्ष), पिता- संजय कुमार सिन्हा के रूप में हुई है. आशंका जताई जा रही है कि चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
चलती ट्रेन से गिरने की आशंका, जांच में जुटी आरपीएफ
मृतका नेहा के पिता मूल रुप से झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर के रहने वाले है. घटना के संबंध में बत्या जा रहा है कि शनिवार सुबह कोडरमा रेलवे स्टेशन के ट्रैकमैन धनबाद-गया रेलखंड के अप और डाउन लाइन का निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान अप लाइन के पोल संख्या 394/27 के समीप एक युवती का शव पड़ा मिला. ट्रैकमैन ने इसकी सूचना तत्काल कोडरमा आरपीएफ को दी. जिसके बाद आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.
बैग से मिले दस्तावेजों से हुई पहचान
जांच के दौरान युवती के बैग से आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद हुए है, जिसके आधार पर उसकी पहचान नेहा कुमारी के रूप में हुई. उसके बैग से औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित एक विद्यालय के विद्यार्थियों की मार्कशीट, कॉलेज के प्रमाणपत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले. आरपीएफ अधिकारियों के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, नेहा जिस ट्रेन से सफर कर रही थी, संभवतः उसी से गिरने के कारण उसकी मौत हुई. अधिकारियों द्वारा घटना के संबंध में परिजनों को सूचना दे दी गई है.
ट्यूशन के लिए निकली थी नेहा, घर नहीं लौटी
मृतका की बहन लवली सिन्हा ने बताया कि दोनों दाउदनगर स्थित डिवाइन स्ट्रीम मिशन स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं. शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद नेहा बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए निकली थी. वह प्रतिदिन शाम करीब पांच बजे तक घर लौट आती थी, लेकिन शुक्रवार को देर शाम तक वापस नहीं आई.
गुमशुदगी दर्ज होने के अगले दिन मिला शव
परिजनों ने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन नेहा ने कॉल रिसीव नहीं किया. बाद में संदेश भेजे गए, लेकिन उसका भी कोई जवाब नहीं मिला. रात करीब 8 बजे दोबारा कॉल करने पर मोबाइल स्विच ऑफ मिला. इसके बाद परिजनों ने स्थानीय थाना में उसकी गुमशुदगी की सनहा दर्ज कराई थी. वहीं, शनिवार सुबह कोडरमा में शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुट गई है.
