स्कॉर्पियो व सफारी से कर रहे थे शराब तस्करी, चार गिरफ्तार

सतगावां पुलिस ने स्कॉर्पियो और सफारी से 277 लीटर अवैध शराब बरामद की है. गुप्त चैंबर में छिपाकर ले जाई जा रही शराब के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.

प्रतिनिधि, सतगावां : अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सतगावां थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है़ गुप्त सूचना के आधार पर घोड़सिमर चेक पोस्ट के पास की गई वाहन जांच में दो लग्जरी चारपहिया वाहनों स्कॉर्पियो व सफारी से गुप्त चैंबर में छिपाकर ले जाई जा रही करीब 277 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद की गई है. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य राज 19 वर्ष पिता स्व. अजित कुमार सिंह निवासी खरीखा थाना पहलेजा जिला सारण,.गौतम कुमार 20 वर्ष पिता चन्देश्वर राय निवासी रूस्तमपुर थाना रूस्तमपुर जिला वैशाली, संतोष कुमार 24 वर्ष पिता अमोद राय निवासी जडूवा चिकनोटा थाना हाजीपुर जिला वैशाली व विकास कुमार 30 वर्ष पिता शम्भू महतो निवासी जडूवा थाना हाजीपुर जिला वैशाली (बिहार) शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि बिहार नंबर की एक स्कॉर्पियो (बीआर-01पीबी--9361) और एक सफारी (बीआर-01पीजी-2122) में अवैध शराब लोड कर सतगावां के रास्ते गोविंदपुर होते हुए बिहार ले जाई जा रही है़ सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देश पर थाना प्रभारी बबलु कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया़ टीम ने घोड़सिमर चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया़ इस दौरान दोनों वाहन तेज गति से चेक पोस्ट पहुंचे.

पुलिस के रुकने का संकेत देने पर चालकों ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने स्लाइडर लगाकर रास्ता अवरुद्ध कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया़ तलाशी के दौरान वाहनों की पिछली सीट के नीचे बने विशेष गुप्त चैंबर का पता चला़ चैंबर खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई़ पूछताछ के दौरान वाहन सवार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया.

बरामद शराब में ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की के 880 पाउच/बोतल, रॉयल स्टैग की 105 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड की 14 बोतल तथा हेवर्ड्स 5000 स्ट्रॉन्ग बीयर के 60 कैन शामिल हैं. बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 277 लीटर तथा अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपये है. पुलिस के अनुसार इस संबंध में थाना में कांड संख्या 57/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है़ छापामारी अभियान में थाना प्रभारी के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक विशाल सिंह, सहायक अवर निरीक्षक शरण टोप्पनो, द्वारिका यादव, रामासहसी कुमार यादव, शाहवाज अहमद व अन्य शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >