खिलाड़ी | Prabhat Khabar Network

कोडरमा: बास्केटबॉल जूनियर बालिका वर्ग में सैनिक स्कूल नालंदा जीता

सैनिक स्कूल तिलैया में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ है. बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, वाद-विवाद और क्विज जैसी कई स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें आठ स्कूलों के करीब 300 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं.

कोडरमा. सैनिक स्कूल तिलैया की मेजबानी में सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेल (ग्रुप-डी) 2026-27 का शुभारंभ शनिवार को हुआ. रक्षा मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय प्रतियोगिता में आठ स्कूलों के करीब 300 छात्र-छात्राएं विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रतियोगिता का उद्घाटन सैनिक स्कूल तिलैया के प्राचार्य कर्नल एस मोहनराव आर ने किया.

मौके पर उपप्राचार्य विंग कमांडर संजीव शर्मा, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ अध्यापक मनोरंजन पाठक समेत अन्य अतिथि मौजूद थे. उद्घाटन समारोह में प्रतिभागी टीमों ने मार्च-पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी और खेल भावना की शपथ ली. प्रतियोगिता में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं.

उद्घाटन के मौके पर प्राचार्य ने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की. कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

खेल के मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाला विद्यार्थी जीवन की चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकता है. प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल गोपालगंज, सैनिक स्कूल नालंदा, सैनिक स्कूल पुरुलिया, गणपत राय सलारिया सरस्वती विद्या मंदिर भागलपुर, केशव सरस्वती विद्या मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर किशनगंज, सुंदरी देवी सरस्वती विद्या मंदिर किशनगंज और मेजबान सैनिक स्कूल तिलैया की टीमें हिस्सा ले रही हैं.

पहले दिन खेले गये मुकाबले

प्रतियोगिता में पहले दिन बास्केटबॉल के जूनियर बालिका वर्ग में सैनिक स्कूल नालंदा ने सैनिक स्कूल तिलैया को हराया. जूनियर बालक वर्ग में सैनिक स्कूल पुरुलिया और केशव सरस्वती विद्या मंदिर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें पुरुलिया की टीम विजयी रही. इसी वर्ग में सैनिक स्कूल तिलैया और सुंदरी देवी सरस्वती विद्या मंदिर के बीच भी रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें तिलैया की टीम ने बढ़त बनायी.

वॉलीबॉल के जूनियर बालक वर्ग में सैनिक स्कूल गोपालगंज ने सैनिक स्कूल तिलैया को पीछे छोड़ा. वहीं पुरुलिया और सुंदरी देवी सरस्वती विद्या मंदिर के बीच हुए मुकाबले में पुरुलिया की टीम ने बढ़त दर्ज की. प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न वर्गों में लगातार मुकाबले होंगे. शाम को वाद-विवाद प्रतियोगिता समेत अन्य गतिविधियां भी आयोजित की गयीं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

विकास कुमार को 17 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव है. प्रभात खबर में वर्ष 2012 से जुड़े हुए हैं. बतौर ब्यूरो प्रमुख कोडरमा में सेवाएं दे रहे हैं. इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म के साथ क्राइम व पॉलिटिक्स की खबरों पर अच्छी पकड़ है. प्रभात खबर से पहले दैनिक जागरण से जुड़े रहे हैं. नयी दिल्ली, नोएडा व पंजाब जैसे शहरों में कार्य कर चुके हैं. इन्हें रिपोर्टिंग के साथ डेस्क पर भी वर्षों काम करने का अनुभव है. कोडरमा से रिपोर्टिंग के दौरान इन्होंने शिक्षक नियुक्ति घोटाला, कल्याण विभाग में घोटाला सहित कई गड़बड़ियों को उजागर किया है. इनकी अवैध खनन को लेकर की गयी बेहतरीन व अलग रिपोर्टिंग के लिए भी इनकी खुले मंच पर प्रशंसा हो चुकी है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >