सतगावां,कोडरमा . विधायक डॉ नीरा यादव ने शनिवार को सतगावां प्रखंड का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया, कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और दिवंगत भाजपा नेता के आवास पहुंचकर उनके परिजनों को सांत्वना दी.
क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
विधायक ने नावाडीह और टेहरो में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. दोनों उप-स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण 55-55 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा. इस मौके पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
कार्यकर्ताओं के साथ बैठक, संगठन मजबूती पर जोर
खूट्टा स्थित वेंकटेश हॉल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई. इसमें स्थानीय और सांगठनिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई. आगामी कार्यक्रमों को लेकर बूथ स्तरीय बैठक भी हुई. कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया.
ये भी पढ़ें: तीन दिनों से लापता 15 वर्षीय किशोर को कोडरमा पुलिस ने सकुशल बरामद किया
दिवंगत भाजपा नेता के परिजनों से मिलीं विधायक
कार्यक्रम के बाद विधायक पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रमोद यादव के आवास पहुंचीं. वहां उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय बालगोविंद यादव के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया.
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी, सतगावां मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, बासोडीह मंडल अध्यक्ष नरेश यादव, विधायक प्रतिनिधि धनंजय यादव, अनुश्रवण समिति के सदस्य मनोज भगत, व्यास कुमार, रामबचन कुमार, शिवराज कुमार, रंजीत कुमार, विपुल मोदी, मनीष अग्रवाल, ब्रह्मदेव यादव, मिथिलेश सिंह, बबलू सिंह, साजन कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
