सतगावां. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित यूजीसी नेट जून 2026 की परीक्षा में बासोडीह पंचायत के डुमरी गांव की प्रगति कुमारी ने सफलता हासिल की है. उन्होंने अंग्रेजी विषय में 91.29 प्रतिशत अंक के साथ 300 में से 184 अंक प्राप्त किये. इस सफलता के साथ उन्होंने असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी में दाखिले की पात्रता हासिल की है.
बचपन से पढ़ाई में रही हैं मेधावी
प्रगति बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं. साहित्य और लेखन में उनकी विशेष रुचि है. वे विभिन्न पत्रिकाओं में भी लिखती रही हैं. उन्होंने वाराणसी के बसंत कॉलेज फॉर वूमेन से स्नातक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी विषय में प्रथम श्रेणी से स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की.
सफलता का श्रेय परिवार को दिया
प्रगति ने अपनी सफलता का श्रेय नाना द्वारका प्रसाद यादव, सेवानिवृत्त प्राचार्य, पिता प्रोफेसर नरेश कुमार और माता स्वर्णलता को दिया. उन्होंने कहा कि सही रणनीति, आत्मविश्वास और निरंतर सेल्फ स्टडी सफलता की कुंजी है. उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है.
