जयनगर. प्रखंड अंतर्गत घरौंजा पंचायत के मुसौवा टोला में वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या जल्द दूर होगी. रविवार को 15वें वित्त अनाबद्ध निधि से करीब छह लाख रुपये की लागत से होने वाले पीसीसी पथ मरम्मत कार्य का शिलान्यास जिप सदस्य केदारनाथ यादव ने पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर किया.
जर्जर सड़क से ग्रामीणों को हो रही थी परेशानी
यह कार्य मुसौवा के रविदास टोला स्थित सीताराम दास के घर से मेघा दास के घर तक कराया जायेगा. सड़क जर्जर होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी. ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए जिप सदस्य केदारनाथ यादव ने पहल कर पीसीसी पथ निर्माण की स्वीकृति दिलायी.
शिलान्यास के मौके पर जिप सदस्य ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है.
गुणवत्तापूर्ण निर्माण का दिया भरोसा
संवेदक शशिकांत चौधरी ने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जायेगा. उन्होंने इसके लिए स्थानीय ग्रामीणों से सहयोग की अपील की.
मौके पर परसाबाद मंडल अध्यक्ष चंदन पासवान, सांसद प्रतिनिधि किसुन यादव, पंचायत समिति सदस्य इनामाउद्दीन खान, समाजसेवी बिंदेश्वरी प्रसाद बिहारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय राणा, संजय गुप्ता, जितेंद्र यादव, पूर्व मुखिया रामचंद्र यादव, दुलारचंद पासवान, मनोज चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, धनेश्वर राणा, चंद्रदेव दास, चंद्रशेखर सिंह, प्रियांशु सिंह, गुड्डू सिंह आदि मौजूद थे.
