: झामुमो का बूथ स्तरीय एवं बीएलए-2 कार्यकर्ता सम्मेलन : योग्य मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से न कटे, ध्यान रखें कार्यकर्ता कोडरमा. शहर के बाइपास रोड स्थित विराज होटल में मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का बूथ स्तरीय एवं बीएलए-2 कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय ने की. संचालन जिला सचिव पवन माइकल कुजूर ने किया. इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाये जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान को लेकर बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं एवं बीएलए-2 सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची के प्रति सतर्क एवं सक्रिय रहें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी योग्य मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से न हटे. सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, आगामी चुनावी तैयारियों तथा संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तार से चर्चा की गयी. मुख्य अतिथि विनोद पांडेय ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए. उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मंईयां सम्मान योजना को महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया. वहीं सर्वजन पेंशन योजना से वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांगों को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान मिलने की बात कही. सम्मेलन में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव, पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता सहित कई केंद्रीय एवं जिला पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.
कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है संगठन की मजबूती : विनोद
झामुमो का बूथ स्तरीय एवं बीएलए-2 कार्यकर्ता सम्मेलन
