डोमचांच (कोडरमा). प्रखंड के सुदूरवर्ती बंगाखलार और ढाब पंचायत को जोड़ने वाले सड़क मार्ग में करारी नदी पर लाखों रुपये की लागत से नवनिर्मित पुल के उद्घाटन से पहले ही गार्डवाल में दरारें पड़ गई हैं. गार्डवाल की जर्जर स्थिति से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं.
निर्माण के कुछ समय बाद ही दरार
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अभी इसका विधिवत उद्घाटन भी नहीं हुआ है. इसके बावजूद गार्डवाल में जगह-जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं. लोगों का कहना है कि निर्माण के कुछ समय बाद ही दरारें आने से निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों के पालन को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है.
जिला प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग
मामले को लेकर बंगाखलार पंचायत के मुखिया शिवशंकर राय ने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि जांच के बाद यदि निर्माण कार्य में किसी तरह की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. स्थानीय लोगों ने भी पुल के गार्डवाल की स्थिति की जांच कराने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पड़ताल करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी तरह की समस्या न हो.
