कोडरमा बाजार. विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग, कोडरमा द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस दौरान आम जनता को तंबाकू एवं इसके उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया. जागरूकता अभियान के तहत उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में जानकारी देगा. इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू एवं इससे निर्मित उत्पाद मीठा जहर हैं, जिनका समाज से पूरी तरह बहिष्कार किया जाना चाहिए. उन्होंने समाहरणालय परिसर में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ भी दिलायी. कार्यक्रम के उपरांत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया तथा तंबाकू छोड़ने के लिए उपलब्ध टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-11-2356 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया. सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने कहा कि तंबाकू सेवन से मुंह का कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां हो सकती हैं. धूम्रपान से निकलने वाला धुआं श्वसन तंत्र और फेफड़ों को गंभीर रूप से प्रभावित करता है. जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह जिला नोडल पदाधिकारी (राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम) डॉ रमण कुमार ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान का विरोध करते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए. मौके पर उप विकास आयुक्त रवि जैन, डॉ रंजीत कुमार, डॉ मनोज कुमार, डॉ केके शर्मा, महेश कुमार, पवन कुमार, पंकज कुमार, सुमित कुमार, दीपेश कुमार, हिमांशु कुमार, गणेश कुमार दास, शंभू कुमार, अनु पांडेय, धीरेंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद थे.
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर व्यापक जागरूकता अभियान
जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
