झुमरीतिलैया. मारवाड़ी युवा मंच, झुमरीतिलैया शाखा की ओर से कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अध्यक्ष मोहित संघई के आवास पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में भगवान श्री लड्डू गोपाल की आकर्षक झांकी सजायी गयी, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में मंच के सदस्य और श्रद्धालु पहुंचे.
माखन-मिश्री के भोग, रंग-बिरंगे परिधानों, मुकुट और पुष्पों से सुसज्जित लड्डू गोपाल की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही. श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया.
कार्यक्रम के दौरान मंच के कोषाध्यक्ष महावीर खेतान और सदस्य हार्दिक लड्ढा ने सुमधुर कृष्ण भजनों की प्रस्तुति दी. भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. श्रद्धालु जय श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ भक्ति में झूम उठे.
मौके पर अध्यक्ष मोहित संघई ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व प्रेम, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है. सचिव अतुल खेतान ने आयोजन की सफलता का श्रेय सभी सदस्यों के सहयोग और सहभागिता को दिया.
कार्यक्रम में प्रांतीय भवन संयोजक राज पच्चीसीया, संरक्षक अरविंद चौधरी, अर्जुन संघई, चंद्रशेखर जोशी, उपाध्यक्ष शिवेश पच्चीसीया, अनुराग हिसारिया, चिराग हिसारिया, मोहक सुल्तानिया, आशीष शर्मा, डॉ. रौनक महर्षि, विष्णु चौधरी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.
