लोन रिकवरी एजेंट के घर आने से परेशान थी: ग्रामीण मरकच्चो. थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. उसकी पहचान 30 वर्षीया मीना देवी (पति बासुदेव यादव) के रूप में की गयी. बताया गया कि महिला का पति मुंबई में काम करता है. शुक्रवार की रात पर पति-पत्नी में फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी थी. शनिवार की सुबह खेत की तरफ जाकर महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया. जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तब परिजनों को जहर खाने की बात बतायी. परिजन उसे लेकर कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के पति बासुदेव यादव ने महिला ग्रुप एवं निजी फाइनेंस कंपनी से लोन ले रखा था. लोन रिकवरी वाले लोन का पैसा लेने घर आते रहते थे, इसी बात को लेकर पति-पत्नी में फोन पर झगड़ा हो गया था. जिसके बाद महिला ने गुस्से में आकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मृतका के चार बच्चे हैं. सूचना मिलने पर मरकच्चो पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी ली.
पति से विवाद के बाद विवाहिता ने की आत्महत्या
लोन रिकवरी एजेंट के घर पर आने से परेशान थी महिला: ग्रामीण
