जयनगर (कोडरमा). जयनगर थाना क्षेत्र के पेठियाबागी में गुरुवार की रात एक युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक साव उर्फ कल्लू साव के रूप में हुई है. घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, कल्लू साव राशन की दुकान चलाता था. गुरुवार की रात दुकान बंद करने के बाद वह घर पहुंचा था. इसके कुछ देर बाद किसी बात को लेकर पत्नी से उसका विवाद हो गया. ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के बाद गुस्से में कल्लू ने घर के आंगन में बने कुएं में छलांग लगा दी.
तैरना आता था इसीलिए कूदने की घटना को गंभीरता से नहीं लिया
बताया गया कि कल्लू को तैरना आता था. इसी कारण परिजनों और आसपास के लोगों ने कुएं में कूदने की घटना को गंभीरता से नहीं लिया. लोगों को लगा कि वह पहले की तरह खुद ही कुएं से बाहर निकल आएगा. काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर परिजन और ग्रामीण कुएं के पास पहुंचे. कुएं में झांकने पर कल्लू पानी की ऊपरी सतह पर स्थिर दिखाई दिया. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे कुएं से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया. सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पिता ने पैर फिसलने से कुएं में गिरने की बात कही
मृतक के पिता छोटन साव ने बताया कि कल्लू दुकान से घर आने के बाद कुएं के पास हाथ-पैर धोने गया था. इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: कोडरमा: डीटीओ डॉ. रमण ने बेंदी-गझंडी आरोग्य मंदिर का किया निरीक्षण, कुष्ठ मरीज के घर जाकर की जांच
पूर्व में भी लगा चुका था कुएं में छलांग
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि कल्लू का अक्सर पत्नी से विवाद होता था. ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में भी वह गुस्से में कुएं में छलांग लगा चुका था और कुछ देर बाद खुद बाहर निकल आया था. गुरुवार की रात भी लोगों को लगा कि वह खुद कुएं से बाहर निकल आएगा. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उसे कुएं से निकाला गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है. मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री हैं.
