Koderma News: झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दो स्थित तिलैया बस्ती साईं फैक्ट्री के पीछे संदिग्ध परिस्थितियों में महिला के लापता होने और कथित तौर पर उसके पति के द्वारा हत्या किए जाने के मामले ने सोमवार को नया मोड़ लिया. लापता महिला का शव बोरे में बंद थाना क्षेत्र के रांची पटना रोड स्थित सतपुलिया के पास से तिलैया पुलिस ने बरामद किया है. मृतका की पहचान प्रीति सोनी मूल निवासी राजधनवार गिरिडीह निवासी के रूप में हुई है.
पति पर हत्या का आरोप, फरार है आरोपी
महिला की हत्या का आरोप दो दिन से मायके वाले उसके पति पर ही लगा रहे थे. घटना के बाद से ही आरोपी पति बेंगाबाद गिरिडीह निवासी पवन सोनार फरार है. पुलिस उसकी और महिला के साथ तीन वर्षीय बच्ची की तलाश कर रही थी. इस बीच महिला का शव बरामद हुआ है.
शनिवार को मिली थी हत्या की सूचना
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम तिलैया पुलिस को प्रीति के मायके वालों ने सूचित किया कि उनकी बेटी की हत्या दामाद ने ही मसाला पीसने वाले सीलपट से वार करके कर दी है. सूचना पर तिलैया पुलिस तिलैया बस्ती स्थित किराए के मकान में पहुंची, पर मौके पर न महिला मिली थी और न ही उसका पति. ऐसे में पुलिस वापस आ गई थी.
मां ने दर्ज कराया था केस
रविवार को राजधनवार से पहुंची विवाहिता की मां सोनू देवी ने अपने दामाद पर ही बेटी की हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए थाना में केस दर्ज कराया था. सोनू देवी ने कहा था कि उसके दामाद ने ही झगड़े के बाद बेटी को जान से मार देने की जानकारी फोन से दी है. हालांकि, बेटी का पता नहीं चल रहा है. उसने बेटी की खोजबीन का आग्रह किया था. पुलिस मामले की जांच कर रही थी. इसी बीच सोमवार को पुलिस को सतपुलिया के पास एक महिला का शव होने की सूचना मिली. शव में सिर्फ हाथ बाहर दिख रहा था. पुलिस ने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों को देकर पहचान कराई तो परिजनों ने इसे प्रीति सोनी का ही बताया.
मामा ने कहा, पति-पत्नी में हुआ था झगड़ा
शव बरामदगी वाले जगह पर पहुंचे मृतका के मामा अनिल स्वर्णकार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसका निपटारा कर लिया गया था. दो दिन पहले पवन ने फोन कर कहा कि मामा प्रीति ने मुझे बेलन से मारा. इसके बाद जब मैंने उसे मारा तो मसाला पीसने वाले सीलपट में टकराकर उसकी मौत हो गई. फोन करने के बाद पवन ने अपना मोबाइल ऑफ कर लिया. मामा ने पवन पर अपनी भगीनी की हत्या करने का आरोप लगाया. इधर, शव बरामद होने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 2034 पदों पर हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति नहीं, 6 महीने पहले हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
इसे भी पढ़ें: बदहाल जिंदगी जी रहे शहीद बख्तर साय के वंशज, गढ़पहाड़ को टूरिस्ट प्लेस विकसित करने की मांग
