कोडरमा में बीच सड़क पर आरोपी का 'पैदल मार्च', ऑमलेट नहीं बनाया तो विधवा का फूंक दिया था ढाबा

Koderma Crime News: कोडरमा के झुमरी तिलैया में ऑमलेट न मिलने से नाराज रवि बिरहोर ने एक गरीब विधवा का झोपड़ीनुमा ढाबा फूंक दिया, जिससे दो बकरियों की भी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. कोर्ट ले जाने के दौरान पुलिस वैन खराब होने पर उसे झंडा चौक से पैदल ले जाया गया. पूरी रिपोर्ट पढ़ें.

Koderma Crime News, कोडरमा (विकास कुमार की रिपोर्ट): कोडरमा जिले के तिलैया थाना पुलिस ने आगजनी मामले के मुख्य आरोपी रवि बिरहोर को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर महज ऑमलेट नहीं मिलने से नाराज होकर एक गरीब विधवा महिला के झोपड़ीनुमा ढाबे में आग लगाने का संगीन आरोप है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस जब आरोपी को कोर्ट ले जा रही थी, तब शहर के बीचों-बीच एक दिलचस्प वाकया हुआ. पुलिस ने आरोपी को झंडा चौक से लेकर पूर्णिमा टॉकीज तक पैदल मार्च कराया, जिसे देखने के लिए सड़क पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.

बीच सड़क पर खराब हुई पुलिस की गाड़ी

थाना पुलिस के मुताबिक, आरोपी रवि बिरहोर को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस वाहन से न्यायालय (कोर्ट) में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान शहर के व्यस्ततम झंडा चौक स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास पुलिस की गाड़ी अचानक तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई. काफी कोशिश के बाद भी जब वाहन चालू नहीं हुआ, तो सुरक्षाकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए आरोपी को गाड़ी से उतारा और पैदल ही कोर्ट की तरफ ले जाने लगे. शहर के मुख्य मार्ग पर पुलिस की कस्टडी में आरोपी को इस तरह पैदल जाते देख पूरे रास्ते कौतूहल का माहौल बन गया और लोग पुलिस की इस “सड़क पर परेड” को देखते रहे.

Also Read: झारखंड में बढ़ेगा हवाई नेटवर्क, चार-पांच नये एयरपोर्ट बनाने की चल रही कवायद : राममोहन नायडू

सिर्फ एक ऑमलेट के लिए उजाड़ दी गरीब की दुनिया

यह दिल दहला देने वाली घटना रविवार देर रात तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दो स्थित बिरहोर टोला की है. यहां रहने वाली गरीब विधवा महिला पिंकी देवी एक छोटी सी झोपड़ीनुमा दुकान (ढाबा) चलाकर अपने परिवार का पेट पालती थीं. पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार की रात आरोपी रवि बिरहोर उसके ढाबे पर आया और देर रात ऑमलेट बनाने की जिद करने लगा. रात काफी अधिक हो जाने और दुकान बंद करने के समय के कारण पिंकी देवी ने ऑमलेट बनाने से असमर्थता जताई. इस बात से आगबबूला होकर आरोपी देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चला गया. इसके कुछ ही देर बाद, जब सब सो रहे थे, आरोपी ने ढाबे में आग लगा दी. इस भीषण आगजनी में ढाबे में रखा सारा अनाज, राशन, बर्तन और नगदी जलकर राख हो गई. सबसे दर्दनाक बात यह रही कि दुकान के पास ही बंधी पिंकी देवी की दो पालतू बकरियां भी इस आग की चपेट में आ गईं और तड़प-तड़पकर उनकी मौत हो गई.

पति की मौत के बाद बेसहारा हुई पिंकी

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिंकी देवी के पति मुकेश की मौत पहले ही हो चुकी है. वह अपनी बूढ़ी सास और छोटे-छोटे बच्चों के साथ इसी छोटे से ढाबे से होने वाली कमाई के भरोसे जीवन बसर कर रही थीं. इस क्रूर घटना ने न सिर्फ उनकी आजीविका छीन ली है, बल्कि उनके पूरे परिवार के सामने भूखों मरने और रहने का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है. घटना के बाद हरकत में आई तिलैया थाना पुलिस ने त्वरित तफ्तीश करते हुए आरोपी को धर दबोचा. इस पूरे घटनाक्रम और पैदल मार्च के दौरान तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल के जवान मुस्तैद रहे.

Also Read: सड़क हादसे में उजड़ गया था मधुपुर के गौरी का संसार, सीएम हेमंत के ट्वीट से मिला अबुआ आवास

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >