जे जे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति ने आंदोलन तेज करने की बनाई रणनीति

कोडरमा के जे जे कॉलेज को बचाने के लिए संघर्ष समिति ने 9 अगस्त को सर्वदलीय बैठक और मशाल जुलूस का ऐलान किया है। आंदोलन की पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

कोडरमा: शिक्षा व शैक्षणिक संस्थानों को बचाने, छात्रों-नौजवानों के भविष्य की रक्षा तथा कोडरमा जिले के डिग्री कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय (हजारीबाग) से गिरिडीह किए जाने के विरोध में चल रहे आंदोलन को तेज करने के लिए जे जे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति की कोर कमेटी की बैठक बुधवार को जूही दास गुप्ता के आवास पर असीम सरकार, प्रकाश रजक, विजय यादव, मनोज कुमार "झुन्नू" एवं प्रेम प्रकाश के मार्गदर्शन में हुई.

अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष महेश भारती ने की, जबकि संचालन सचिव देवेंद्र कुमार ने किया. बैठक में आंदोलन के अगले चरण की रूपरेखा तय करते हुए निर्णय लिया गया कि 5 से 8 अगस्त तक जिले के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं आम लोगों को आंदोलन के उद्देश्य से अवगत कराते हुए समर्थन जुटाया जाएगा.

समिति ने घोषणा की कि 9 अगस्त को सर्वदलीय बैठक के साथ मशाल जुलूस निकाला जाएगा. वहीं, 10 अगस्त को जे जे कॉलेज में एक दिवसीय छात्र हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा.

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि सरकार एवं संबंधित विभाग द्वारा मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की जाती है, तो 11 अगस्त से जे जे कॉलेज में अनिश्चितकालीन तालाबंदी, सड़क जाम एवं भूख हड़ताल जैसे चरणबद्ध आंदोलन शुरू किए जाएंगे. समिति ने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक छात्रों एवं कोडरमा की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं हो जाता.

अध्यक्ष महेश भारती ने कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि कोडरमा के हजारों छात्रों और उनके भविष्य की लड़ाई है. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाले निर्णयों के खिलाफ जनता को एकजुट होना होगा.

बैठक के अंत में जे जे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति ने जिले के सभी अभिभावकों, छात्रों, नौजवानों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से अपील की कि वे अपने बेटा-बेटियों के बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अधिकार की रक्षा के लिए निर्धारित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाएं.

मौके पर संरक्षक राम रतन अवध्या, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कराटे, रोहित कुमार यादव, सह सचिव मो. अली शाद, बिनोद राम, कोषाध्यक्ष तौफीक हुसैन, अजय झा, असगर अली, गणेश कुमार आदि मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

विकास कुमार को 17 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव है. प्रभात खबर में वर्ष 2012 से जुड़े हुए हैं. बतौर ब्यूरो प्रमुख कोडरमा में सेवाएं दे रहे हैं. इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म के साथ क्राइम व पॉलिटिक्स की खबरों पर अच्छी पकड़ है. प्रभात खबर से पहले दैनिक जागरण से जुड़े रहे हैं. नयी दिल्ली, नोएडा व पंजाब जैसे शहरों में कार्य कर चुके हैं. इन्हें रिपोर्टिंग के साथ डेस्क पर भी वर्षों काम करने का अनुभव है. कोडरमा से रिपोर्टिंग के दौरान इन्होंने शिक्षक नियुक्ति घोटाला, कल्याण विभाग में घोटाला सहित कई गड़बड़ियों को उजागर किया है. इनकी अवैध खनन को लेकर की गयी बेहतरीन व अलग रिपोर्टिंग के लिए भी इनकी खुले मंच पर प्रशंसा हो चुकी है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >