कोडरमा: सतपुलिया गुमो स्थित ग्रिजली पब्लिक स्कूल में यूकेजी के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष किचनैट एक्टिविटी का आयोजन किया गया. मौके पर कार्यक्रम स्थल को रसोई और स्वास्थ्यवर्धक आहार की थीम के अनुसार सजाया गया था. कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों द्वारा बच्चों को रसोई में इस्तेमाल होने वाली बुनियादी चीजों और ताजे फलों के महत्व के बारे में बताकर की गई.
इस तरह के व्यावहारिक आयोजनों से बच्चों में आत्मनिर्भरता, साफ-सफाई की आदत और जंक फूड की जगह स्वस्थ खाने के प्रति जागरूकता का विकास होता है. बच्चे अपने घरों से ही फल लेकर स्कूल आए थे. गतिविधि के मुख्य आकर्षण के रूप में यूकेजी के बच्चों ने बिना आग के इस्तेमाल से 'फ्रूट चाट' बनाना सीखा.
बच्चों ने अपने साथ लाए अमरूद, केला, अनार, सेब और नाशपाती का प्रयोग कर चाट तैयार की. प्राचार्या निरजा ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ इस तरह के व्यावहारिक कौशल और स्वस्थ खानपान की आदतें बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं.
कार्यक्रम को सफल बनाने में उप-प्राचार्या वंदना नारायण, संयोजिका पूजा झा के अलावा शिक्षिका तनु प्रिया, खुशबू कुमारी, पूनम तेजपाल, सुनीता कुमारी, दीप्ति गुप्ता, साक्षी सिन्हा, कला शिक्षक मुकेश, प्रशासनिक सदस्य रोविंस, मनीमाला, विकास, रोहित, सिम्मी सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा.
