झुमरीतिलैया. शहर के गोल्डन मार्केट में महाराष्ट्र के गलाई सेंटर व्यवसायियों की ओर से आयोजित सात दिवसीय गणेशोत्सव का रविवार को भक्तिमय माहौल में समापन हुआ. सात दिनों तक सुबह-शाम होने वाली ‘सुख करता, दुख हरता’ आरती और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से पूरा बाजार भक्तिमय रहा.
पांच वर्षों से महाराष्ट्र से मंगायी जा रही प्रतिमा
महाराष्ट्र निवासी वैभव जानकर ने बताया कि गलाई सेंटर में महाराष्ट्र के करीब 10 व्यवसायी और कारीगर पिछले दो दशक से रहकर व्यवसाय कर रहे हैं. अपनी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखने के उद्देश्य से वे पिछले पांच वर्षों से महाराष्ट्र से गणेश प्रतिमा मंगाकर उत्सव मना रहे हैं. इस वर्ष चार फीट ऊंची गणेश प्रतिमा विशेष रूप से महाराष्ट्र से मंगायी गयी थी.
नाचते-गाते चाराडीह तालाब पहुंचे श्रद्धालु
रविवार को पूजा-अर्चना के बाद सुसज्जित वाहन पर गणेश प्रतिमा विराजमान कर गाजे-बाजे, आतिशबाजी और भक्ति गीतों के साथ विसर्जन जुलूस निकाला गया. श्रद्धालु नाचते-गाते और ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया’ के जयकारे लगाते हुए चाराडीह तालाब पहुंचे. यहां विधि-विधान से गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया.
जुलूस में दीपक जाधव, संजय गायकवाड़, सुरेश पाटिल, अक्षय सावंत, प्रवीण सावंत, तन्मय जाधव, मनोज माथुर, महेश सोनी, प्रमोद सोनी, अशोक प्रसाद, अवधेश सेठ आदि शामिल थे.
