तिलैया में फर्नीचर गोदाम में लगी आग, लाखों का नुकसान

गोदाम में रखा फर्नीचर, लोहे की आलमीरा, फ्रीज, कूलर जलकर हुआ राख

: छत के ऊपर से गुजरे 11 हजार वोल्ट तार में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका : गोदाम में रखा फर्नीचर, लोहे की आलमीरा, फ्रीज, कूलर जलकर हुआ राख झुमरीतिलैया. थाना क्षेत्र के करमा अंबाकोला रोड में जेम्स स्कूल के पास मंगलवार सुबह करीब तीन बजे एक फर्नीचर गोदाम व घर में भीषण आग लग गयी. आग से गोदाम में रखे फर्नीचर, लोहे की आलमीरा, फ्रीज, कूलर सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गये. गोदाम मालिक के अनुसार, आगजनी की इस घटना में 50 लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है. घटना की सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक काफी नुकसान हो चुका था. आग लगने का कारण गोदाम व घर की छत के ऊपर से गुजरे 11 हजार वोल्ट लाइन के तार में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब तीन बजे शॉर्ट सर्किट जैसी आवाज सुनायी दी और तेज रोशनी फैली. लोगों को जब तक कुछ समझ आता आग फैल चुकी थी. लोगों ने तत्काल गोदाम मालिक मो जफीर निवासी करमा को घटना की सूचना दी, गोदाम में लकड़ी का सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती गयी. इस बीच सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां पहुंची़ करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. गोदाम मालिक मो जफीर ने बताया कि घटना के समय वे यहां नहीं थे. वे हजारीबाग के बरही में एक शादी समारोह में शामिल होने गये थे. उनके अनुसार गोदाम में फर्नीचर के अलावा लोहे की आलमीरा, फ्रिज, कूलर सहित अन्य सामान रखे हुए थे. इस घटना में 50 लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है. ऊपर से गुजरा है 11 हजार वोल्ट का नंगा तार : स्थानीय लोगों के अनुसारए शार्ट सर्किट की इस घटना के लिए पूरी तरह विद्युत विभाग जिम्मेवार है. इलाके में घर की छतों के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का नंगा तार काफी नीचे से गया है. ऐसे में अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. लोगों ने बताया कि तार को यहां से हटाने या अन्य व्यवस्था बनाने को लेकर कई बार विभाग को लिखित शिकायत की गयी, पर कोई सुनवाई नहीं हुई. स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि अनिल यादव ने यहां से तत्काल 11 हजार वोल्ट लाइन के तार को हटाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >