विश्व जल दिवस पर जिला स्तरीय कार्यशाला

जल संरक्षण के उपायों को दैनिक जीवन में अपनाना जरूरी : विधायक

जल संरक्षण के उपायों को दैनिक जीवन में अपनाना जरूरी : विधायक कोडरमा. विश्व जल दिवस के अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल झुमरी तिलैया के सौजन्य से जल महोत्सव के अंतर्गत रविवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत विधायक डॉ नीरा यादव, उपायुक्त् ऋतुराज, जिप अध्यक्ष रामधन यादव, डीडीसी रवि जैन सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से की. अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर तथा स्मृति चिह्न देकर किया गया. कार्यक्रम के दौरान कलादल द्वारा जल संरक्षण विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया. नाटक के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि पानी की बर्बादी रोकें, जल की उपयोगिता को समझें तथा जल के बूंद के महत्व को पहचानें. जल ही जीवन है का संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया. मौके पर विधायक डॉ नीरा यादव ने कहा कि जल संरक्षण के उपायों को दैनिक जीवन में अपनाना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा जल है तो कल है, जल के बिना भविष्य सुरक्षित नहीं है. उन्होंने वर्षा जल संचयन पर जोर देते हुए सभी से अपने घरों में सोक पिट बनाने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया. उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जल संरक्षण में जल सहिया दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, क्योंकि वे समाज के बीच जागरूकता फैलाने का कार्य करती हैं. उन्होंने कहा कि यदि हम आज जल संरक्षण करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियां भी इससे लाभान्वित होंगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि जल स्रोतों के संरक्षण एवं निर्माण पर विशेष ध्यान दें तथा जल संबंधी समस्याओं, जैसे खराब चापानल या हैंडपंप की सूचना समय पर दें, ताकि शीघ्र मरम्मत की जा सके. जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने कहा कि जल के बिना जीवन संभव नहीं है, इसलिए जल का संरक्षण और बचत हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने जल सहिया से अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया. डीडीसी रवि जैन ने बताया कि विश्व जल दिवस 2026 का थीम जल एवं लैंगिक समानता पर आधारित है. उन्होंने कहा कि जहां जल की उपलब्धता होगी, वहां समानता भी सुनिश्चित होगी. इस दौरान विधायक डॉ नीरा यादव, उपायुक्त ऋतुराज, जिप अध्यक्ष रामधन यादव, डीडीसी रवि जैन ने संयुक्त रूप से जल सहिया के बीच जल स्रोतों की जांच के लिए किट का वितरण किया गया. कार्यक्रम के अंत में विधायक द्वारा सभी लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलायी गयी. मौके पर कार्यपालक अभियंता अनुज सिन्हा, सहायक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी सहित काफी संख्या में जल सहिया दीदियां मौजूद थीं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >