कोडरमाः शांति, अहिंसा, सहिष्णुता और विश्वबंधुत्व के संदेश से पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरीतिलैया का परिसर सोमवार को सराबोर रहा. विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस गरिमापूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शांति के महत्व से अवगत कराने के साथ उनमें सहयोग, सहिष्णुता, करुणा और आपसी सम्मान की भावना विकसित करना था.
ये भी पढ़ें- नाली तोड़कर भूल गया नगर परिषद ! 10 दिनों से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य, लोग परेशान
विद्यार्थियों ने भाषण और कविताओं से दिया शांति का संदेश
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शांति और सद्भाव का संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया. कक्षा नवम-ए की आकृति सिंह ने अंग्रेजी भाषण के माध्यम से शांति की आवश्यकता पर अपने विचार रखे. वहीं, कक्षा नवम-बी की समृद्धि वर्मा ने हिंदी भाषण प्रस्तुत किया. कक्षा सप्तम-ए की आरोही गुप्ता ने अंग्रेजी कविता और इसी कक्षा की आरवी वर्मा ने हिंदी कविता के माध्यम से शांति और सद्भाव की भावपूर्ण अभिव्यक्ति की. कक्षा नवम-ए के हर्ष कुमार ने शांति से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी साझा की. वहीं, कक्षा अष्टम-डी की शांभवी सिंह ने क्विज का संचालन किया.
दैनिक जीवन में शांति के मूल्यों को अपनाने का आह्वान
प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि शांति की स्थापना केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दैनिक जीवन में प्रेम, सहिष्णुता, सहयोग और सम्मान जैसे मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में कुमार सतीश सिंह, विनीत कुमार सिंह, गिरिजा शंकर पात्रो और ज्योति का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
ये भी पढ़ें- हजारीबाग जिला पुस्तकालय का DC ने किया औचक निरीक्षण, सुविधाओं का लिया जायजा
