: ग्रिजली बीएड कॉलेज के पास हुई कार्रवाई, बेघर हुआ पांच परिवार झुमरीतिलैया. थाना क्षेत्र के गुमो सतपुलिया के नजदीक स्थित ग्रिजली बीएड कॉलेज के समीप विवादित जमीन पर मंगलवार को न्यायालय के आदेश के बाद कब्जा हटाया गया. करीब 15 डिसमिल जमीन पर बने पांच लोगों के घरों पर बुलडोजर जेसीबी चला कर इसे हटाया गया़ हालांकि, कार्रवाई के दौरान दंडाधिकारी के साथ गयी टीम को कुछ देर के लिए विरोध का सामना करना पड़ा. महिलाएं घर तोड़े जाने के विरोध में शोर करती रहीं, पर जेसीबी ने कुछ ही देर में इनके आशियाने को ध्वस्त कर दिया़ यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर दखल दिहानी दिलाने को लेकर हुई़ स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 15 डिसमिल जमीन पर पांच परिवार के लोग वर्षों से अपना घर बना कर रह रहे थे. बेदखल किये गये लोगों में शामिल धनेश्वरी देवी (पति राजेंद्र भुईयां), गायत्री देवी (पति नरेश भुईयां), राहुल भुईयां, रामप्रसाद भुईयां व अन्नू देवी की मानें, तो वाजपेयी नामक व्यक्ति जो जेजे कॉलेज के प्रोफेसर हैं, उनके पूर्वजों ने उक्त जमीन को दानपात्र के रूप में दिया था. हमारे पूर्वज 100 वर्षों से मकान बना कर पूरे परिवार के साथ यहां रह रहे हैं. भुक्तभोगियों के अनुसार, उक्त दानपात्र जमीन को कुछ वर्ष पूर्व वार्ड नंबर 19 नवादा बस्ती निवासी भरत वर्मा के नाम पर गलत तरीके से रजिस्ट्री कर दी गयी. मामला न्यायालय में चला और वहां से दखल दिहानी की डिग्री लेकर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जबकि हम सभी वर्षों से यहां रह रहे हैं. हालांकि, विरोध के बाद भी टीम ने कार्रवाई की़ बता दें कि इससे पहले भी इस जमीन से कब्जा हटाने को लेकर टीम गयी थी, पर विरोध की वजह से लौटना पड़ा था.
कोर्ट के आदेश पर विवादित जमीन से हटाया गया कब्जा
महिलाएं घर तोड़े जाने के विरोध में शोर करती रहीं
