कोडरमा. मंगलवार को कोडरमा समाहरणालय सभागार में एक अहम बैठक हुई. इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने की और इसमें योजना एवं विकास शाखा तथा विभिन्न इंजीनियरिंग विंग के अधिकारी शामिल हुए. बैठक में अनटाइड फंड, डीएमएफटी और एमपी-एमएलए लैड से संचालित योजनाओं की बिंदुवार प्रगति की समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने पेयजल, भवन, पथ प्रमंडल और स्थानीय निकायों के अधिकारियों को स्वीकृत योजनाओं का कार्य तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण मानकों का पालन करते हुए पूरा कराने का निर्देश दिया.
आंगनबाड़ी केंद्र व एमपी लैड की योजनाएं एक सप्ताह में पूरी करने का अल्टीमेटम
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लंबित निर्माण कार्यों तथा एमपी लैड के तहत स्वीकृत योजनाओं को एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया. इसके साथ ही पीसीसी पथ, सामुदायिक भवन, नाला व गार्डवाल निर्माण की अद्यतन भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को त्वरित रिपोर्ट सौंपने और नियमित निगरानी रखने की हिदायत दी.
बैठक में कई विभागों के वरीय अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर, जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकुल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ के भदानीनगर में तेज बारिश से बही पुलिया, आवागमन ठप होने से ग्रामीण परेशान
