: खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने की कई प्रतिष्ठानों की जांच
: फूड लाइसेंस नहीं मिलने पर तीन प्रतिष्ठानों को चेतावनी
कोडरमा. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने शनिवार को तिलैया बस्ती व रांची-पटना रोड स्थित होटल, ढाबा, आइसक्रीम कारखाना, नमकीन और बेकरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान द टेबल, गुरु जी लाइन होटल और राधे-राधे आइसक्रीम प्रतिष्ठान में फूड लाइसेंस नहीं पाया गया. इस पर संबंधित संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे अविलंब निकटतम प्रज्ञा केंद्र अथवा सदर अस्पताल, कोडरमा स्थित खाद्य सुरक्षा कार्यालय में पहुंचकर फूड लाइसेंस के लिए आवेदन करें. ऐसा नहीं करने पर आगे कार्रवाई की जायेगी. जांच के दौरान बाइपास रोड स्थित द टेबल रेस्टोरेंट के किचन में कॉकरोच पाये गये. इसके बाद प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया. निरीक्षण के क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में समुचित साफ-सफाई, स्वच्छता और हाइजीन बनाये रखने का निर्देश दिया. उन्होंने गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के विक्रय पर भी जोर दिया. साथ ही आइसक्रीम निर्माताओं को पानी की नियमित जांच कराने तथा केवल एफएसएसएआई प्रमाणित सामग्री का उपयोग करने का निर्देश दिया गया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान निर्देशों का उल्लंघन पाये जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
