मरकच्चो. नवलशाही थाना क्षेत्र के कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर नवलशाही चौक के समीप बुधवार शाम करीब सात बजे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान राजधनवार थाना क्षेत्र के निमाडीह पंचायत अंतर्गत कैलपूर निवासी अनिकेश कुमार (23) के रूप में हुई है. घायल युवक मरकच्चो थाना क्षेत्र के मुरकमनाईटांड़ निवासी विक्की विश्वकर्मा (22) है.
विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से नवलशाही की ओर जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये.
अस्पताल ले जाने के दौरान युवक की मौत
घटना की सूचना मिलने पर नवलशाही पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में अनिकेश कुमार की मौत हो गयी. वहीं, विक्की विश्वकर्मा का इलाज जारी है.
ये भी पढ़ें: परिचित से मिलने गई 18 साल की युवती, फ्लैट से गिरकर हुई मौत
ट्रक छोड़कर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर कुछ दूर भागा और एक लाइन होटल के पास ट्रक खड़ा कर फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को कब्जे में ले लिया है. ट्रक का नंबर जेएच 12 एल 0092 और बाइक का नंबर जेएच 12 जे 8180 बताया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में बालू का अवैध कारोबार बेखौफ, तीन माह में 17 हजार टन जब्त
