डोमचांच से रणजीत बनर्जी की रिपोर्ट
डोमचांच(कोडरमा). जिले के डोमचांच प्रखंड क्षेत्र के बगड़ो चौक के समीप आज रविवार को हुई वर्षा के कारण सड़क पर भारी जलजमाव हो गया है. बारिश के बाद सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
जलजमाव की वजह से विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को गड्ढों और पानी के बीच से गुजरने में सावधानी बरतनी पड़ रही है, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतें आ रही हैं.
नाली और जल निकासी की व्यवस्था न होना मुख्य कारण
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद जिला सचिव सह समाजसेवी संतोष यादव ने बताया कि क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हल्की बारिश का पानी भी सीधे सड़क पर ही जमा हो जाता है. उन्होंने चिंता व्यक्त की कि लंबे समय तक जलजमाव की स्थिति बने रहने से सड़क के खराब होने और जर्जर होने की पूरी आशंका बनी रहती है.
प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग
संतोष यादव ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग से बगड़ो चौक के समीप जल्द से जल्द जल निकासी की उचित व स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नालियों का निर्माण और जल निकासी का प्रबंध कर दिया जाए, तो बारिश के दौरान आम जनता को जलजमाव की इस गंभीर समस्या से राहत मिल सकेगी.
ये भी पढ़ें: धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 456 यात्री पकड़े गये; 3.35 लाख रुपये जुर्माना वसूला
