11-12 जून को बरही में होगा दो दिवसीय भव्य श्याम महोत्सव, देशभर के भजन गायक देंगे प्रस्तुति झुमरीतिलैया. श्री श्याम कृपा मंडल बरही के तत्वावधान में 11 एवं 12 जून को धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्याम भक्तों में उत्साह का माहौल है तथा तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. संस्था के संस्थापक एवं युवा धर्म प्रचारक नित्यानंद दास महाराज के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव के तहत 11 जून को बाबा श्याम की भव्य निशान यात्रा निकाली जायेगी. 12 जून को विशाल श्याम संकीर्तन का आयोजन होगा. महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से ख्यातिप्राप्त भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे. संकीर्तन में इंदौर की अधिष्ठा अनुष्का, हरियाणा के अभिनव एरेन, कानपुर के शिवम वर्मा, झुमरीतिलैया के गोकुल शर्मा तथा धनबाद की शशि सिंह अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे. कार्यक्रम का मंच संचालन झुमरीतिलैया के नवीन पांडया करेंगे. आयोजन की सफलता के लिए श्री श्याम कृपा मंडल के अध्यक्ष टुन्नु केसरी के नेतृत्व में मंडल के सदस्य लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं. इसी क्रम में मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी एवं कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया. नित्यानंद दास महाराज ने कहा कि यह आयोजन बाबा श्याम के भक्तों के लिए भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम साबित होगा.
11 को निकाली जायेगी बाबा श्याम की भव्य निशान यात्रा
बरही में होगा दो दिवसीय भव्य श्याम महोत्सव,
