सूप, दऊरा के साथ अन्य सामान की बिक्री जोरों पर
कोडरमा : लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय खाय के साथ शुरू होगा. चार दिवसीय इस पर्व को लेकर पूरा जिला छठमय हो गया है. हर तरफ छठ के गीत बज रहे हैं, तो छठ को लेकर बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है. शुक्रवार को नहाय खाय है. इस दिन छठ व्रती विधि विधान से कद्दू भात व अन्य पकवान बनाकर प्रसाद के रूप में ग्रहण करती है साथ ही परिवार के सदस्य भी इसमें शामिल होते हैं. ऐसे में एक दिन पहले बाजार में नहाय खाय के दिन से जुड़े सामान के भाव तेज रहे. बाजार में गुरुवार को कद्दू 70 रुपये प्रति किलो तक बिका. इसके अलावा फूल गोभी 80 रुपये किलो, नया आलू 40 रुपये प्रति किलो बाजार में बिका. छठ को लेकर सूप, दौरा की बिक्री भी बढ़ गयी है.
तिलैया के झंडा चौक के पास ओवरब्रिज के ऊपरी भाग में सूप, दौरा की बिक्री हो रही है. यहां सूप 70 से 100 रुपये प्रति पीस, टोकरी 100 से 140 रुपये प्रति पीस, पंखा बीस रुपये पीस बिका. शुक्रवार को छठव्रती नहाय खाय के साथ चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत करेंगे. शनिवार की शाम को खरना होगा. रविवार को अस्ताचलगामी भगवान भाष्कर को पहला अर्घ्य व सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व संपन्न होगा. छठ पर्व को लेकर जिले में स्थित विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई का काम अंतिम चरण में है.
