हावड़ा-मुंबई मेल से की गयी गिरफ्तारी नशाखुरानी का
शिकार बने युवक का सदर अस्पताल में चल रहा है इलाज
कोडरमा : आरपीएफ, जीआरपी व सीआइबी धनबाद की टीम ने गुरुवार की सुबह नशाखुरानी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय बिरजू साहनी (पिता- नगीना साहनी), निवासी- शिवपुर, थाना- विध्यांचल, जिला मिर्जापुर, यूपी के रूप में हुई है. आरोपी के पास से एक बैग घरेलू सामान, चार मोबाइल, 1300 रुपये नकद के साथ ही टेबलेट व ब्लेड बरामद किया गया है. मामले की जानकारी देते हुए आरपीएफ इंस्पेक्टर रूपेश कुमार ने बताया कि छठ पर्व को देखते हुए ट्रेनों व स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है.
इस दौरान ट्रेन की बोगियों की भी जांच हो रही है. सुबह में हावड़ा-मुंबई मेल जब कोडरमा स्टेशन पहुंची, तो कुछ यात्रियों ने शोर मचाया. जब वहां आरपीएफ व अन्य कर्मी पहुंचे, तो यात्रियों ने बताया कि एक व्यक्ति ने खैनी खिला कर एक दूसरे यात्री को अपना शिकार बना लिया. आरपीएफ ने तुरंत आरोपी युवक बिरजू साहनी को गिरफ्तार कर लिया. मौके पर नशाखुरानी का शिकार बने पलामू निवासी युवक अशोक कुमार सिंह मिला.
उसे तत्काल इलाज के लिए जीआरपी की मदद से सदर अस्पताल में भरती कराया गया. पीड़ित युवक फिलहाल बेहोश है. बताया जाता है कि अशोक हावड़ा से डेहरी ऑन सोन जाने के लिए ट्रेन में चढ़ा था. इस दौरान आरोपी युवक ने इससे दोस्ती बढ़ायी और बाद में कोडरमा स्टेशन से पहले खैनी खिला कर बेहोश कर दिया. युवक की मंशा उसका सामान आदि लूट लेने की थी. इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित युवक के होश में आने के बाद अन्य बातें सामने आयेगी. गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजा जा रहा है.
अवैध रूप से वेंडिंग करते दो पकड़ाये
कोडरमा आरपीएफ ने बीती शाम अवैध वेडिंग करने के आरोप में दो वेंडरों को गिरफ्तार कर गया कोर्ट भेज दिया. धनबाद-गया रेलखंड के टनकुप्पा पहाड़पुर स्टेशन पर अवैध रूप से खाद्य पदार्थ बेचते मल्लाह चक जहानाबाद निवासी विक्की कुमार (पिता- प्रमोद साव) व मानपुर गया निवासी जितेंद्र कुमार (पिता- स्व कृष्ण लाल) को गिरफ्तार किया गया.
