झुमरीतिलैया : बड़कागांव गोलीकांड के खिलाफ भाकपा जिला परिषद ने सोमवार को प्रतिवाद मार्च निकाला. मार्च पानी टंकी रोड से निकल कर ओवरब्रिज होते हुए झंडा चौक पहुंच सभा में तब्दील हो गयी.
अध्यक्षता कर रहे कोडरमा अंचल सचिव प्रकाश रजक ने कहा कि रघुवर दास पूंजिपतियों के इशारे पर सरकार चला रहे है. बड़कागांव में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे ग्रामीणों पर पुलिस ने गोली चलायी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गयी. मुख्य वक्ता भाकपा जिला मंत्री महादेव राम ने कहा कि बड़कागांव गोलीकांड की जांच उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश से कराने की जरूरत है. मुख्य सचिव व डीजीपी द्वारा की जा रही जांच में गोली चलाने के पक्ष में सरकार को प्रतिवेदन सुपुर्द किया जायेगा. इनसे निष्पक्ष जांच संभव नहीं है.
उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार झारखंड में तानाशाही कर रही है. उनके शासनकाल में नौकरशाहों का मन बढ गया है. गरीबों की जमीन छिन कर पूंजीपतियों को जमीन दी जा रही है. पारा शिक्षकों के आंदोलन में सरकार हठ धर्मी कर रही है. उनके समर्थन में पांच अक्तूबर को समर्थन रैली निकाली जायेगी. सभा को चंदवारा अंचल सचिव गणेश यादव, सकिंद्र कुमार ने भी संबोधित किया. मौके पर नागेश्वर दास, मुस्तकिम अंसारी, कुलेश्वर पंडित, कैलाश रजक, पंचम महतो, अनवर हुसैन, रंजीत भारती, धनपत यादव आदि मौजूद थे.
