नजर जो तेरी लागी, मैं दीवानी हो गयी...

शिव वाटिका में एक शाम स्वच्छता के नाम कार्यक्रम का आयोजन जिले के आठ ओडीएफ पंचायतों की हुई घोषणा, रियो ओलिंपिक में खेल चुके खिलाड़ी हुए पुरस्कृत कोडरमा : स्वच्छता अभियान व शौचालय निर्माण के जागरूकता के लिए शनिवार की देर शाम को जिला जल व स्वच्छता समिति की ओर से एक शाम स्वच्छता के […]

शिव वाटिका में एक शाम स्वच्छता के नाम कार्यक्रम का आयोजन
जिले के आठ ओडीएफ पंचायतों की हुई घोषणा, रियो ओलिंपिक में खेल चुके खिलाड़ी हुए पुरस्कृत
कोडरमा : स्वच्छता अभियान व शौचालय निर्माण के जागरूकता के लिए शनिवार की देर शाम को जिला जल व स्वच्छता समिति की ओर से एक शाम स्वच्छता के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
झुमरीतिलैया के शिव वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में इंडियाज गोट टैलेंट सीजन पार्ट-3 की विजेता सह प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्यांगना रागिनी मक्कड़ ने अपने नृत्य से समां बांधा, वहीं प्रसिद्ध तबला वादक प्रवीण उद्धव व सितारवादक राजेश शाह की प्रस्तुतियों ने लोगों का दिल जीत लिया. इससे पूर्व कार्यक्रम का विधिवत उदघाटन मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री डाॅ नीरा यादव व अन्य अतिथियों ने किया. मौके पर मंत्री डाॅ यादव ने कहा कि स्वच्छता को लेकर सबसे पहले हमें अपनेआप में बदलाव लाना होगा. लोगों को पहले अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है, तभी यह अभियान सफल हो सकता है.
उन्होंने कहा कि पहले लोग शौचालय की आवश्यकता नहीं समझते थे, पर समय के साथ इसकी जरूरत व उपयोगिता भी बढ़ी है. शौचालय नहीं होने से खासकर महिलाओं को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि शौचालय निर्माण को लेकर लक्ष्य हासिल करने व जागरूकता लाने का काम सिर्फ अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का नहीं है. इसमें आमलोगों को भी जुड़ कर काम करना चाहिए. उपायुक्त संजीव कुमार बेसरा ने अभियान को लेकर चलाये जा रहे कार्यक्रम, उपलब्धि के साथ ही आज की जरूरत पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि आम लोगों की भागीदारी से ही कोई अभियान सफल हो सकता है.
मौके पर मुख्य रूप से रियो ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करनेवाले झारखंड के खिलाड़ी रिमिल बिरुलि, मंगल सिंह चंपिया और लक्ष्मी रानी के अलावा डीडीसी सूर्य प्रकाश, एसी प्रवीण कुमार गागराई, एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार, एएसपी मनि लाल मंडल, एसडीपीओ चंदेश्वर प्रसाद, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार, एसडीओ सुशील कुमार, जिला को-आर्डिनेटर राजदेव पांडेय, डीपीआरओ रवींद्र प्रसाद सिंह, बाजार समिति के सचिव अभिषेक आनंद, नगर पंचायत की अध्यक्ष कांति देवी, उपाध्यक्ष कुलवीर सलूजा, डोमचांच प्रमुख सत्यनारायण यादव, कोडरमा प्रमुख अनिता कुमारी, चंदवारा प्रमुख लीलावती देवी, मरकच्चो प्रमुख सावित्री देवी, जयनगर प्रमुख जयप्रकाश राम, सभी प्रखंडों के बीडीओ व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. इससे पूर्व जिले में शौचालय निर्माण को लेकर जागरूकता को लेकर रोड शो करनेवाले रियो ओलिंपियन खिलाड़ियों को शिक्षा मंत्री ने सम्मानित किया.
इन पंचायतों के ओडीएफ होने की घोषणा: कार्यक्रम के दौरान जिले के आठ पंचायतों के ओडीएफ खुले में शौच से मुक्त होने की घोषणा की गयी. इसमें डोमचांच प्रखंड का तेतरियाडीह, बगड़ो, डोमचांच दक्षिणी, मरकच्चो प्रखंड का चोपनाडीह, मरकच्चो उत्तरी, जयनगर का जयनगर पश्चिमी, कोडरमा प्रखंड का चाराडीह, सतगावां प्रखंड का शिवपुर पंचायत शामिल हैं. इन पंचायतों के मुखिया भी कार्यक्रम में पहुंचे थे. डीसी संजीव कुमार बेसरा ने कार्यक्रम के दौरान ही बताया कि अभी ये पंचायत ओडीएफ घोषित किये जा रहे हैं. ओडीएफ होने से संबंधित सर्टिफिकेशन अभी नहीं हुआ है.
रागिनी व उनकी टीम ने लोगों का दिल जीता : कार्यक्रम का आकर्षण रही प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्यांगना रागिनी मक्कड़ व अन्य ने शुरुआत गणेश वंदना से की. इसके बाद लगातार तीन प्रस्तुतियां देकर रागिनी व उनकी टीम ने लोगों का दिल जीत लिया. नजर जो तेरी लागी, मैं दिवानी हो गयी गीत पर प्रस्तुति के समय तालियों की गड़गड़हाट से कार्यक्रम स्थल गूंजता रहा. वहीं प्रसिद्ध तबला वादक प्रवीण उद्धव व सितारवादक राजेश शाह ने अच्छी प्रस्तुति दी.
नहीं दिखी जन भागीदारी, खाली रही कुर्सियां : बेशक, जिला प्रशासन की ओर से लोगों में जागरूकता लाने को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसके लिए ग्लोबल सेनिटशेन फंड से मदद मिली. कार्यक्रम भी अच्छा रहा, लेकिन जागरूकता व प्रचार प्रसार के अभाव में कार्यक्रम में जन भागीदारी पूरी नहीं दिखी. कार्यक्रम की शुरुआत में ही पिछले पंक्ति में कुर्सियां खाली दिखी तो एक निजी विद्यालय के बच्चों को बुला लिया गया. इसके बाद भी कुर्सियां नहीं भरी.
कार्यक्रम करीब सात बजे शुरू हुआ और डेढ़ घंटे बाद ही आधा हॉल खाली नजर आने लगा. अंतिम समय में करीब 9:30 बजे सिर्फ अधिकारी, मीडियाकर्मी व कुछ लोग कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे. ऐसे में रागिनी मक्कड़ का अंतिम कार्यक्रम रद्द कर देना पड़ा. यह बात चर्चा का विषय भी बना रहा. कार्यक्रम में पीएचइडी के वरीय अधिकारी भी नहीं पहुंचे. बताया जाता है कि पीएचइडी के प्रधान सचिव एपी सिंह व स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक राजेश शर्मा का नाम आमंत्रण पत्र पर छपवाया भी गया, लेकिन इन तक कार्यक्रम की पूरी सूचना समय पर पहुंची ही नहीं.
इंदौर घराने से जुड़ी हैं रागिनी, फर्रुखाबाद घराने से प्रवीण : कत्थक व शास्त्रीय नृत्य से जुड़ी रागिनी मक्कड़ इंदौर घराने से आती हैं. रागिनी इंडियाज गोट टैलेंट पार्ट 3 की विजेता बनी, तो नाम छा गया. वर्तमान में वह इंदौर में ही नाट्य योग संस्था चलाती है. इसमें 600 के करीब लोग इसकी शिक्षा ले रहे हैं. रागिनी ने कार्यक्रम के दौरान कत्थक व बॉलीवुड का फ्यूजन पेश किया. कार्यक्रम में पहुंचे तबला वादक प्रवीण उद्धव फर्रुकाबाद घराने से जुड़े हैं.
उन्होंने ताल यात्रा की प्रस्तुति दी. प्रवीण को इससे पहले तबला भूषण, सूरताल सम्मान, नारायण संगीत प्रतिष्ठा सम्मान मिल चुका है. उन्होंने अपनी तालिम पदमश्री पंडित सुरेश तालबरकर से ली है. इसके अलावा सितारवादक राजेश शाह ने राघ चारुकेशी पर प्रस्तुति दी. उनका बांसुरी पर युगलबंदी की राजेश कुमार ने. राजेश शाह बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के वाद्य विभागाध्यक्ष हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >