उत्पाद रसायन परीक्षक पटना भेजा जायेगा शराब का सैंपल
नकली अंगरेजी शराब मामले में डीसी ने दिये कई निर्देश
कोडरमा बाजार : डीसी संजीव कुमार बेसरा के निर्देश पर बीती सोमवार को ढोढकोला जंगल में एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार के नेतृत्व में उत्पाद विभाग द्वारा चलाये गये छापामारी अभियान में करीब 15 लाख की नकली शराब बरामद की गयी, बल्कि जंगल में शराब बनाने के फैक्टरी व भारी मात्रा में स्प्रीट समेत अन्य सामानों को भी नष्ट किया गया
जबकि 200 पेटी नकली शराब जब्त की गयी. जंगल में शराब बनाने की बड़ी फैक्टरी संचालित होने की खबर से चारों ओर हड़कंप मचा हुआ है. डीसी संजीव कुमार बेसरा भी इस मामले में बेहद गंभीर है. हालांकि छापामारी के दौरान एक आरोपी गुड्डू कुमार (पिता- स्व विलास पासवान), पटना सिटी, धवलपुरा पकड़ा गया है. पकड़े गये आरोपी ने अपने बयान में ढोढकोला निवासी राजा यादव द्वारा काम कराये जाने की बात कही है.
इस मामले में डोमचांच थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया गया. प्रशासन का मानना है कि इतने बड़े पैमाने पर इस तरह का गोरखधंधा किसी एक के बस की बात नही है. इसी शक के आधार पर डीसी ने मुख्य आरोपी को दबोचने के लिए उत्पाद विभाग को कई निर्देश जारी किये है. प्रभारी उत्पाद अधीक्षक कमल नयन सिन्हा ने भी इसकी पुष्टि की है. यही कारण है कि थाने में दर्ज मामले में नामजद के अलावा अज्ञात को भी आरोपी बनाया गया है. सोमवार की देर रात को डीसी के निर्देश पर एसडीओ के नेतृत्व में झुमरीतिलैया स्थित ताला फैक्टरी में छापामारी की गयी.
हालांकि देर रात तक उक्त परिसर के गेट में लगे ताले को खुलवा नहीं पाये. इस संबंध में एसडीओ ने बताया कि उक्त कार्रवाई शक के आधार पर की गयी थी साथ ही कई कमरों की खिड़कियां खुली मिली. इससे ताला खुलवाने की जरूरत नहीं पड़ी. उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान वहां कुछ जले हुए शराब के काटून के अलावा कुछ भी बरामद नहीं हुआ.
इधर डीसी के निर्देश पर नकली शराब की जांच के लिए सैंपल को उत्पाद रसायन परीक्षक बिहार पटना भेजा जा रहा है. एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार ने बताया कि जांच से पता लगाया जायेगा कि इस तरह के शराब के सेवन से क्या-क्या नुकसान हो सकता है, जांच रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट को न्यायालय में समर्पित किया जायेगा.
