कोडरमा : जिला योजना समिति की बैठक में भाग लेने कोडरमा आये कृषि मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री रंधीर सिंह ने झाविमो विधायक प्रदीप यादव पर गंभीर आरोप लगाये हैं. कृषि मंत्री निलंबित भूमि संरक्षण पदाधिकारी अमरेश कुमार झा को दोबारा वापस लाने की तैयारी और विपक्ष की ओर से इस संबंध में उठाये गये सवाल के जवाब में उन्होंने ये आरोप लगाये. मंत्री ने कहा कि जिले में तेजी से योजनाओं पर काम हो रहा है.
कार्य संस्कृति बदली है. योजना समिति की बैठक को संतोषजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि कुछ योजनाओं की प्रगति धीमी है, लेकिन उसे तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में बरकट्ठा के विधायक प्रो जानकी यादव, कोडरमा के डीसी संजीव कुमार बेसरा, भाजपा नेता डॉ रामसागर सिंह भी थे.
कोडरमा को दुुगनी बिजली देंगे: मंत्री ने कहा कि राज्य में 15 सालों में जितना विकास नहीं हुआ, यह सरकार कर रही है. मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में कोडरमा समेत पूरे राज्य में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य हो रहे हैं. आनेवाले दिनों में यहां की जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति की जायेगी. फिलहाल यहां 40 मेगावाट बिजली दी जा रही है. डीवीसी से बात हो गयी है. कोडरमा की जनता को आनेवाले दिनों में 80 मेगावाट बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है.
भ्रष्टाचार से समझौता नहीं: कृषि मंत्री ने कहा कि एनडीए की सरकार भ्रष्टाचार से कभी समझौता नहीं करेगी. सरकार ईमानदारी से राज्य के विकास में लगी हुई है. आम आदमी तक योजनाओं का लाभ सही तरीके से पहुंचे, इसके लिए कई कदम उठाये गये हैं. शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों में काम हो रहा है.कृषि क्षेत्र पर जोर : रणधीर सिंह ने कहा कि इस बार कृषि का बजट 4,800 करोड़ रुपये का है.
इससे कृषि क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन होगा. 1600 सोलर डीप और 400 इलेट्रिक डीप बोरिंग राज्य में किये जायेंगे. बंजर भूमि को खेती लायक बनाने, दलहन-तिलहन की खेती पर विशेष जोर दिया जायेगा. कहा कि राज्य के किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके संपूर्ण विकास के लिए समावेशी खेती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पेयजल की किल्लत दूर करने के लिए चेकडैम, तालाब बनाने पर जोर दिया जा रहा है.
