झुमरीतिलैया नगर परिषद : अध्यक्ष पद के लिए 7 नामांकन

नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन भी प्रखंड मुख्यालय कोडरमा में भारी गहमा गहमी रही.

निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन भी रही गहमा गहमी ———————— प्रतिनिधि झुमरीतिलैया. नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन भी प्रखंड मुख्यालय कोडरमा में भारी गहमा गहमी रही. नगर परिषद अध्यक्ष पद के साथ ही विभिन्न 28 वार्ड से पार्षद पद के प्रत्याशी जुलूस की शक्ल में समर्थकों के साथ नामांकन कराने पहुंचे. इस दौरान समर्थक अपने प्रत्याशियों के पक्ष में नारेबाजी करते दिखे. सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक अध्यक्ष पद के कुल सात प्रत्याशियों ने निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता पूनम कुजूर के समक्ष नामांकन प्रपत्र दाखिल किया. बुधवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वालों में भाजपा समर्थित पंकज वर्णवाल, राजेंद्र यादव, नारायण वर्णवाल, मुकेश कुमार, महावीर यादव, बंधन यादव व मोबिना खातून शामिल हैं. बता दें कि निकाय चुनाव को लेकर अब नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो गयी है. पांच फरवरी को नामांकन की स्क्रूटनी होगी, जबकि छह को नाम वापस लेने की तिथि है. वहीं सात फरवरी को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किया जायेगा. अध्यक्ष पद के लिए कुल 18 उम्मीदवार आए सामने बुधवार को अध्यक्ष पद के लिए सात नामांकन हुआ तो इसके साथ ही अध्यक्ष पद के लिए कुल 18 उम्मीदवार हो गये हैं. अब नाम वापसी छह फरवरी को है. ऐसे में इसके बाद कितने प्रत्याशी मैदान में बचेंगे यह साफ होगा. वार्ड पार्षद पद के लिए 46 नामांकन इधर, शहर के विभिन्न वार्ड से पार्षद पद के लिए कुल 46 नामांकन हुआ. प्रत्याशियों ने निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ मनोज कुमार रवि व सीओ रविभूषण प्रसाद के समक्ष नामांकन प्रपत्र दाखिल किया. इसमें वार्ड नंबर 1 से 14 के लिए 25 तो 15 से 28 तक के लिए 21 नामांकन हुआ. प्रत्याशियों ने किया शहर का कायाकल्प करने का दावा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा समर्थित प्रत्याशी पंकज वर्णवाल ने कहा कि मैं वर्षों से जनता के बीच रहा हूं. पिछला चुनाव भी मैंने लड़ा था. जनता का साथ मिला तो शहर का कायाकल्प करेंगे, ताकि झुमरीतिलैया का नाम रोशन हो. वहीं राजेंद्र यादव ने कहा कि शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाना उनकी प्राथमिकता होगी. शहर का ड्रेनेज सिस्टम को सुधारना जरूरी है. यहां के लोग परेशानियों के बीच रहने को मजबूर हैं. इसे दूर किया जाएगा. नारायण वर्णवाल ने कहा कि मेरी पहली प्राथमिकता होल्डिंग टैक्स में सुधार करना होगा. छोटे-छोटे कामों के लिए लोगों को नगर परिषद कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए व्यवस्था सुधारी जाएगी. महावीर यादव ने कहा कि शहर में जहां भी सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी है, उन्हें दूर करना मेरी प्राथमिकता रहेगी. लगातार लगने वाले सड़क जाम की समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >