चोर कह कर चिढ़ाती थी, मार दिया

कोडरमा बाजार : महावीर मुहल्ला निवासी 63 वर्षीय राजकुमारी देवी (पति तालेश्वर सिंह) की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पुलिस ने महावीर मोहल्ला निवासी 18 वर्षीय राजकुमार सिन्हा उर्फ राजा उर्फ टिकरा (पिता कृष्ण मुरारी) को गिरफ्तार किया है. वहीं हत्या में प्रयुक्त टांगी […]

कोडरमा बाजार : महावीर मुहल्ला निवासी 63 वर्षीय राजकुमारी देवी (पति तालेश्वर सिंह) की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पुलिस ने महावीर मोहल्ला निवासी 18 वर्षीय राजकुमार सिन्हा उर्फ राजा उर्फ टिकरा (पिता कृष्ण मुरारी) को गिरफ्तार किया है. वहीं हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद हुई है. उक्त जानकारी शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिन्हा ने प्रेस वार्ता में दी.
एसपी ने बताया कि राजा ने हत्या की बात स्वीकारते हुए कहा कि राजकुमारी देवी हमेशा उसे चोर कहती थी़ इससे उसे चिढ़ लगता था. घटना वाले दिन भी महिला ने उसे चोर कह कर बुलाया था़ इस कारण उसने महिला की हत्या उसी की कुल्हाड़ी कर दी़ एसपी ने बताया कि घटना के बाद युवक के टी शर्ट, जैकेट व हाथ में खून लग गया. उसने टी शर्ट को निकाल मंदिर के पास फेंक दिया और राजा तालाब में जाकर हाथ धो लिया. घर जाकर गंजी भी बदल ली और इसके बाद नाम सामने आने पर जयनगर रेलवे लाइन की तरफ भाग कर छिप गया. दूसरे दिन धनबाद भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
चोरी के मामले में छह माह सुधार गृह में रह चुका है राजा : राजा पहले चोरी के एक मामले में छह माह तक हजारीबाग स्थित बाल सुधार गृह में रह चुका है. उस पर महावीर मुहल्ला के भुनेश्वर राम के घर में चोरी करने का आरोप था़
फिंगर प्रिंट लेते समय टूटा आरोपी
एसपी ने बताया कि आरोपी राजा पहले हत्या की बात नहीं स्वीकार कर रहा था, पर देर रात को जब ढाब थाना प्रभारी सह फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट मो शाहिद ने उसे फिंगर प्रिंट लेने के लिए बुलाया, तो वह वहां झिझकने लगा. इसके बाद वह टूट गया और हत्या की बात स्वीकारी. एसपी ने बताया कि खून के धब्बे को फोरेंसिक जांच के लिए भी भेजा जा रहा है. मामले का खुलासा करने वाले पुलिस पदाधिकारी को भी पुरस्कृत किया जायेगा. ज्ञात हो कि हत्या को लेकर मृतका के पुत्र प्रवीण चंद्रवंशी ने कोडरमा थाना में मामला दर्ज कराया था.
वाइटनर व सुलेशन का नशा बना रहा अपराधी!
कोडरमा चौक से लेकर ध्वजाधारी धाम के गेट तक चोरी-छिपे नशे का धंधा चलता है़ बताया जाता है कि नशे के आदी बच्चे व युवक इस तरह की घटना को अंजाम देते हैं. हालांकि राजा ने खुद को नशे का आदि होने से इनकार किया़ थाना क्षेत्र में व्हाइटनर, सुलेशन व अन्य नशीले पदार्थों के कई युवक आदी हैं और इनका अड्डा आॅफिसर कालोनी के पीछे का हिस्सा भी है. यही लोग स्कूली छात्राओं से छेड़खानी भी करते हैं.एसपी ने कहा कि नशे के धंधे पर रोक लगाने के लिए पुलिस छापामारी करेगी.
स्पेशल ट्रायल का करेंगे अनुरोध : एसपी ने कहा कि युवक तो मात्र खुद के हत्या में शामिल होने की बात कह रहा है, लेकिन यह संभव प्रतीत नहीं होता. पुलिस इससे पूछताछ करने के लिए रिमांड पर लेगी. उन्होंने कहा कि मामला काफी जघन्य है. ऐसे में अदालत में इस केस के स्पेशल ट्रायल की अपील की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >