: डोमचांच नगर पंचायत के विकास को लेकर पहल डोमचांच. डोमचांच नगर पंचायत के विकास को नयी दिशा देने के लिए दो करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से 34 विकास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गयी है. इन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जायेगी. नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश वर्मा ने बताया कि नगर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए आवश्यक क्षेत्रों की पहचान कर योजनाओं को मंजूरी दी गयी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब पहले की तरह सभी वार्डों में समान रूप से योजनाओं का बंटवारा नहीं किया जायेगा, बल्कि जहां जिस कार्य की आवश्यकता होगी, वहां उसे प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जायेगा. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य केवल योजनाओं को स्वीकृत करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद क्षेत्रों तक वास्तविक विकास पहुंचाना है. इसी दृष्टिकोण के तहत 34 योजनाओं को मंजूरी दी गयी है और अब इनके लिये टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
2.14 करोड़ की 34 विकास योजनाओं को मंजूरी
इन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जायेगी
